अपोलो बिलासपुर से सुबह 9 बजे रवाना होगी विशेष एंबुलेंस, पुलिस करेगी निर्बाध मार्ग उपलब्ध
बिलासपुर। अपोलो अस्पताल के आईसीसीयू में गंभीर हालत में उपचाररत पूर्व सैनिक की पत्नी को बेहतर और उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रायपुर ले जाने की तैयारी की गई है। मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए बिलासपुर से रायपुर तक विशेष एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। प्रशासन और पुलिस का प्रयास है कि एंबुलेंस को रास्ते में कहीं भी अनावश्यक रुकावट का सामना न करना पड़े।
वेंटिलेटर पर चल रहा उपचार
जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा निवासी पूर्व सैनिक नायक पी.सी. कश्यप (एएससी) की पत्नी बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में आईसीसीयू में भर्ती हैं। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें क्रिटिकल केयर एवं वेंटिलेटर सपोर्ट दिया जा रहा है। चिकित्सकों ने स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में आगे के उपचार के लिए रेफर करने की सलाह दी है।
सुबह 9 बजे बिलासपुर से रवाना होगी एंबुलेंस
मरीज को लेकर विशेष एंबुलेंस सुबह करीब 9 बजे अपोलो अस्पताल बिलासपुर से रायपुर के लिए रवाना होगी। बिलासपुर पुलिस के साथ आवश्यक समन्वय किया गया है। एंबुलेंस के आगे पायलट वाहन चलेगा और निर्धारित मार्ग को यथासंभव निर्बाध रखने की व्यवस्था की जाएगी।
रायपुर में ट्रैफिक व्यवस्था बड़ी चुनौती
एंबुलेंस के लगभग 11 बजे रायपुर पहुंचने का अनुमान है। यह समय शहर में यातायात के लिहाज से व्यस्त माना जाता है। ऐसे में रायपुर पहुंचने के बाद ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए जिला सैनिक कल्याण कार्यालय (DSWO) के माध्यम से रायपुर यातायात पुलिस के साथ समन्वय किया जा रहा है।
रामकृष्ण केयर अस्पताल तक निर्बाध पहुंचाने की तैयारी
प्रयास किया जा रहा है कि एंबुलेंस के रायपुर सीमा में प्रवेश करते ही उसके लिए यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और मरीज को बिना अनावश्यक देरी के रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुंचाया जा सके। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए यात्रा के प्रत्येक चरण में समय बचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पुलिस-प्रशासन और पूर्व सैनिक संगठन जुटे
इस संवेदनशील अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन और पूर्व सैनिक संगठन आपसी तालमेल के साथ काम कर रहे हैं। उद्देश्य है कि देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिक के परिवार को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिल सके और उपचार में किसी तरह की देरी न हो।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़




