तेजपुर के पास हुआ भीषण हादसा, 7 घायलों को पत्थलगांव रेफर; 8 का धरमजयगढ़ अस्पताल में इलाज जारी
धरमजयगढ़। रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र के तेजपुर के समीप बुधवार सुबह नारायणपुर से रायगढ़ जा रही द्विवेदी यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
बताया गया कि बस नारायणपुर से रायगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेजपुर के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही रैरूमा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण करते हुए राहत-बचाव कार्य कराया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
7 घायल पत्थलगांव रेफर, 8 का धरमजयगढ़ में उपचार
हादसे में करीब 15 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 7 घायलों की स्थिति अधिक गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए पत्थलगांव सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं अन्य 8 घायलों का उपचार धरमजयगढ़ अस्पताल में जारी है।
घायलों में अमित एक्का (20), माधुरी दास (16), सरस्वती दास (35), सुकान्ति वैष्णव (35), मंजीता टोप्पो (30), अरविन्द दास (20), सुचिता एक्का (35), विजय एक्का (42), अमित जेरी टोप्पो (42), अयोध्या विश्वकर्मा (48), अमर साय राम (64), दयामनी देवी (55) और सुरेन्द्र यादव (55) सहित अन्य यात्री शामिल बताए गए हैं।
वहीं, कुछ यात्रियों को सामान्य चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद वे अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
हादसे की वजह की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
सुबह के समय हुए इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


