घर से शराब बेचने का आरोप, 32 पाव देसी प्लेन शराब जब्त; आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रतनपुर/बिलासपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने ग्राम परसदा (लखराम) में कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला अपने घर से शराब की बिक्री कर रही थी। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से 32 पाव देसी प्लेन मदिरा बरामद की गई।
मुखबिर की सूचना पर घर में दबिश
पुलिस के मुताबिक जिले में अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सख्त निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 1 सितंबर 2026 को रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय को ग्राम परसदा की एक महिला द्वारा घर से अवैध शराब बेचने की सूचना मिली।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने महिला के घर पर घेराबंदी कर तलाशी की कार्रवाई की।
32 पाव शराब बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने गौरी देवदत्त, पति सुनील कुमार देवदत्त, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम परसदा-लखराम को हिरासत में लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 32 पाव देसी प्लेन शराब बरामद की।
जब्त शराब की कुल मात्रा 5.760 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,560 रुपये है।
आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में रतनपुर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रतिभा पटेल, प्रधान आरक्षक कौशल खूंटे तथा आरक्षक धनराज कुम्भकार, आकाश डोंगरे और देवानंद चन्द्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतनपुर पुलिस ने कहा है कि क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, छत्तीसगढ़


