सिरगिट्टी में अड्डेबाजों और नशाखोरी पर पुलिस की कार्रवाई, 5 युवक गिरफ्तार

Advertisement

नयापारा, गणेश नगर और तिफरा में चलाया गया चेकिंग अभियान, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश

बिलासपुर। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी, नशाखोरी और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ सिरगिट्टी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से पांच युवकों को पकड़कर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की और उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर असामाजिक तत्वों और सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी एवं अड्डेबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर), नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) तथा सिरगिट्टी थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने नयापारा, गणेश नगर और तिफरा के चिन्हित स्थानों पर चेकिंग की।

पांच युवकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका के आधार पर पांच युवकों को पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए युवकों में—

  • देवेन्द्र पाटले (22 वर्ष), निवासी नयापारा, गणेश नगर, सिरगिट्टी
  • शेख महबूब (20 वर्ष), निवासी नयापारा, गणेश नगर, सिरगिट्टी
  • कपूर नवरंग (29 वर्ष), निवासी नयापारा, गणेश नगर, सिरगिट्टी
  • आनंद राजपूत (24 वर्ष), निवासी नयापारा, गणेश नगर, सिरगिट्टी
  • सिद्धार्थ वर्मा उर्फ बांदुल (20 वर्ष), निवासी विष्णु चौक, तिफरा

पुलिस ने सभी के खिलाफ वैधानिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

सिरगिट्टी पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी, अड्डेबाजी अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि ऐसी गतिविधियां दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को सूचना दें।

पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Share This Article