छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड देगा विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026, 10 श्रेणियों में होगा सम्मान

Advertisement
Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं एवं पर्यटन उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ की घोषणा की है। लगातार दूसरे वर्ष आयोजित होने वाली इस पुरस्कार योजना में पर्यटन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया गया है।

10 अलग-अलग श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार

इस वर्ष होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिला पर्यटन प्रोत्साहन, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म सहित कुल 10 श्रेणियों में एक-एक विजेता का चयन किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा।

15 सितंबर तक भेज सकेंगे आवेदन

पुरस्कार के लिए इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं 15 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। पात्र आवेदक अपनी प्रविष्टियां ई-मेल के माध्यम से it@visitcg.in पर भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।

इन क्षेत्रों में होगा चयन

पुरस्कार की प्रमुख श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ होटल, सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर, सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन, पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता, CTB Star Performer रिसॉर्ट, CTB Star Performer पर्यटक सूचना केंद्र, सर्वश्रेष्ठ होमस्टे, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट और सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म शामिल हैं।

होटल और टूर ऑपरेटरों के प्रदर्शन पर भी नजर

सर्वश्रेष्ठ होटल का चयन सेवाओं, सुविधाओं, कारोबार, MICE गतिविधियों, पर्यटन प्रचार, CSR और रोजगार सृजन जैसे मानकों के आधार पर किया जाएगा। वहीं टूर ऑपरेटरों के लिए पर्यटकों को उपलब्ध कराई जाने वाली आवास, परिवहन, भ्रमण और अन्य सेवाओं के साथ छत्तीसगढ़ पर्यटन के प्रचार-प्रसार में किए गए प्रयासों को मूल्यांकन का आधार बनाया जाएगा।

पर्यटन विकास में बेहतर जिले को मिलेगा सम्मान

जिला पर्यटन प्रोत्साहन श्रेणी में उन जिलों को महत्व दिया जाएगा, जिन्होंने पर्यटन स्थलों के विकास, गंतव्य प्रबंधन और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया है। स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित पहल, स्थानीय संस्कृति, ग्रामीण जीवनशैली और रोजगार सृजन जैसे पहलुओं का भी मूल्यांकन किया जाएगा।

स्टार्टअप और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन

पर्यटन क्षेत्र में नए विचार, तकनीक और कारोबारी मॉडल विकसित करने वाले स्टार्टअप एवं उद्यमियों को भी पुरस्कार योजना में स्थान दिया गया है। इसका उद्देश्य पर्यटन क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना और नए उद्यमियों को प्रोत्साहित करना है।

रिसॉर्ट और सूचना केंद्रों के प्रदर्शन का आकलन

CTB Star Performer श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रिसॉर्ट और पर्यटक सूचना केंद्रों का चयन किया जाएगा। रिसॉर्ट के लिए टर्नओवर, लाभप्रदता और ऑक्यूपेंसी जैसे मानक देखे जाएंगे, जबकि सूचना केंद्रों के प्रदर्शन का आकलन पर्यटकों के लिए बुकिंग उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका के आधार पर किया जाएगा।

होमस्टे से लेकर सोशल मीडिया तक सम्मान

होमस्टे श्रेणी में बुकिंग, राजस्व, पर्यटकों की संख्या, सुविधाओं, ग्राहक प्रतिक्रिया और स्थानीय समुदाय को पर्यटन से जोड़ने जैसे पहलुओं को महत्व मिलेगा। वहीं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल माध्यमों से देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा।

इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म पर भी फोकस

इको-टूरिज्म श्रेणी में पर्यावरण संरक्षण, जल एवं अपशिष्ट प्रबंधन, नवीकरणीय ऊर्जा और स्थानीय समुदायों की भागीदारी जैसी गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी। परियोजना का छत्तीसगढ़ में होना और कम से कम दो वर्षों से संचालित होना आवश्यक रखा गया है।

इसी तरह एडवेंचर टूरिज्म श्रेणी में कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों के बेहतर संचालन, पर्यटकों की संख्या, राजस्व, सुरक्षा व्यवस्था और नए एडवेंचर प्रोडक्ट विकसित करने वाले संचालकों के कार्यों का मूल्यांकन किया जाएगा।

पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्टता को मिलेगा मंच

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की यह पहल पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुरस्कारों के जरिए पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय रोजगार, डिजिटल प्रचार और पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने वाले प्रयासों को पहचान देने का प्रयास किया जाएगा।

रिपोर्टर — अभिषेक कुमार पाण्डेय, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article