बिलासपुर की समाजसेवी बिंदु सिंह कछवाहा को ‘नारी शक्ति सम्मान-2026’, CM साय और केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने किया सम्मानित

Advertisement
Advertisement

महिलाओं के स्वास्थ्य, अधिकार और स्वावलंबन के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला राज्य स्तरीय सम्मान

रायपुर/बिलासपुर। महिलाओं के अधिकारों, स्वास्थ्य जागरूकता और आत्मनिर्भरता के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहीं बिलासपुर की समाजसेवी बिंदु सिंह कछवाहा को एक और महत्वपूर्ण सम्मान मिला है। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की ओर से रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में उन्हें ‘नारी शक्ति सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिंदु सिंह कछवाहा को सम्मान प्रदान किया। उनके सामाजिक कार्यों और महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास

बिंदु सिंह कछवाहा लंबे समय से महिलाओं से जुड़े सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय हैं। स्वास्थ्य जागरूकता, महिला अधिकार, आत्मसम्मान और आर्थिक स्वावलंबन जैसे विषयों पर उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों को समारोह में विशेष रूप से रेखांकित किया गया।

ग्रामीण और जमीनी स्तर पर महिलाओं के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग करने की दिशा में उनके कार्यों को इस सम्मान का आधार बताया गया।

‘सम्मान नई जिम्मेदारी का एहसास कराता है’

सम्मान प्राप्त करने के बाद बिंदु सिंह कछवाहा ने इसे व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए कहा कि सम्मान मिलने के बाद काम रुकना नहीं चाहिए, बल्कि समाज के लिए और अधिक मजबूती से काम करने की प्रेरणा मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वास्तविक सम्मान व्यक्ति के भीतर अहंकार पैदा करने के बजाय जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करता है। उनके अनुसार, जब कोई महिला सशक्त होती है तो उसका प्रभाव केवल उसके व्यक्तिगत जीवन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार और आने वाली पीढ़ियों की सोच पर भी पड़ता है।

महिला सशक्तिकरण को विकास की अहम कड़ी बताया

समारोह में प्रदेशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आर्थिक अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें मजबूत बनाना समाज और राज्य की प्रगति के लिए आवश्यक है।

सम्मान के लिए आयोग का जताया आभार

बिंदु सिंह कछवाहा ने ‘नारी शक्ति सम्मान-2026’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान महिलाओं के सर्वांगीण विकास और उनके अधिकारों के लिए किए जा रहे प्रयासों को नई ऊर्जा देगा।

उन्होंने महिला सशक्तिकरण से जुड़े अपने अभियान को आगे भी जारी रखने और अधिक महिलाओं तक पहुंचने का संकल्प दोहराया।

रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article