बिलासपुर में स्पा संचालकों पर दो FIR, महिला कर्मचारी से बदसलूकी और पत्रकार को धमकी का आरोप

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। शहर के एक्वा स्पा सेंटर से जुड़ा विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। 27 अगस्त को अलग-अलग शिकायतों के आधार पर सिविल लाइन और सिरगिट्टी थाने में दो मामले दर्ज किए गए हैं। एक मामले में महिला कर्मचारी ने बकाया वेतन मांगने पर गाली-गलौज, बदसलूकी और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरे मामले में पत्रकार ने खबर हटाने का दबाव बनाने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की है।

बकाया वेतन मांगने पर महिला कर्मचारी से बदसलूकी का आरोप

सिविल लाइन थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, एक्वा स्पा में काम करने वाली महिला कर्मचारी नौकरी छोड़ने के बाद अपना बकाया मेहनताना मांगने पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और गाली-गलौज की गई।

महिला कर्मचारी का आरोप है कि उसने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया और उसे धमकाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पत्रकार को खबर हटाने के लिए फोन करने का आरोप

दूसरा मामला सिरगिट्टी थाने में दर्ज हुआ है। ‘डेली न्यूज़ टाइम्स’ के संपादक एवं पत्रकार जिया उल्ला खान की शिकायत के अनुसार, 27 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे स्पा संचालक अमन सेन ने उन्हें फोन किया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फोन पर संबंधित खबर हटाने का दबाव बनाया गया। बात नहीं मानने पर कथित तौर पर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

सिरगिट्टी थाने में BNS की धाराओं में मामला

पत्रकार की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने FIR क्रमांक 0616/2026 दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई नरेश कुमार गर्ग द्वारा की जा रही है।

एक दिन में दो थानों में मामले दर्ज

एक ही दिन में शहर के दो अलग-अलग थानों में एक्वा स्पा से जुड़े मामलों के दर्ज होने के बाद यह मामला चर्चा में है। फिलहाल दोनों मामलों में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article