बिलासपुर। शहर के 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम करने वाली दिल्ली निवासी 22 वर्षीय युवती ने संचालक अमन सेन और उसके भाई पर गंभीर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। युवती की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आपत्तिजनक गतिविधियों के लिए दबाव का आरोप
शिकायत के अनुसार, युवती पिछले करीब तीन महीने से स्पा सेंटर में काम कर रही थी। उसका आरोप है कि काम के दौरान उस पर ग्राहकों के साथ आपत्तिजनक गतिविधियों और देह व्यापार में शामिल होने का दबाव बनाया जाता था।
युवती के मुताबिक, उसने इसका विरोध करते हुए नौकरी छोड़ने की बात कही तो उसका वेतन रोक दिया गया। इसके बाद वह अपना बकाया वेतन लेने के लिए स्पा सेंटर पहुंची।
बकाया वेतन मांगने पर मारपीट का आरोप
युवती का आरोप है कि 22 और 25 अगस्त को बकाया वेतन लेने के दौरान संचालक और उसके भाई ने उसके साथ गाली-गलौज, छेड़छाड़ और मारपीट की। हाथापाई के दौरान उसका हाथ मरोड़े जाने से कंधे और हाथ में चोट लगने की बात भी शिकायत में कही गई है।
मोबाइल छीनने और धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने घटनाक्रम का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। युवती ने स्पा सेंटर के सीसीटीवी फुटेज को डिलीट या प्रभावित किए जाने की आशंका भी जताई है।
उसका आरोप है कि पुलिस में शिकायत करने की बात सामने आने के बाद फोन पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस कर रही तकनीकी साक्ष्यों की जांच
सिविल लाइन पुलिस द्वारा शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल डेटा, सीसीटीवी बैकअप और दोनों पक्षों के बयान जुटाकर मामले की पड़ताल कर रही है।
पुलिस जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
रिपोर्टर — अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़




