रायगढ़, 27 अगस्त 2026। आगामी खरीफ एवं रबी मौसम में संभावित न्यादर्श पद्धति से फसल कटाई प्रयोग और विभिन्न कृषि सांख्यिकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला कार्यालय के सृजन सभाकक्ष में एक दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल सामान्य फसल अनुमान सर्वेक्षण सहित अन्य कृषि सांख्यिकीय कार्यों की प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में राजस्व एवं भू-अभिलेख विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अधिकारी, कृषि विभाग के सहायक संचालक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, फसल प्रयोगकर्ता अधिकारी-कर्मचारी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, तहसील कानूनगो तथा कृषि मजदूरी एवं बाजार भाव प्रतिवेदन तैयार करने वाले कर्मचारी शामिल हुए।
मोबाइल ऐप से शुद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश
प्रशिक्षण के दौरान प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख एवं डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम ने प्रशिक्षणार्थियों को मोबाइल ऐप के माध्यम से शत-प्रतिशत शुद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐप में दर्ज की जाने वाली जानकारी, आवश्यक प्रक्रियाओं और सर्वेक्षण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कृषि सांख्यिकीय योजनाओं के तहत एकत्र किए जाने वाले आंकड़े कृषि उत्पादन के आकलन, फसल बीमा और किसानों से जुड़ी विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए आंकड़ों में शुद्धता और पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है।
सैद्धांतिक और व्यवहारिक प्रशिक्षण
मास्टर ट्रेनर शास्ती कुमार प्रधान, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख तथा गिरीश चौधरी, राजस्व निरीक्षक भू-अभिलेख रायगढ़ ने प्रशिक्षणार्थियों को कृषि सांख्यिकीय योजनाओं से जुड़े सैद्धांतिक पहलुओं की जानकारी दी।
उन्होंने संभावित न्यादर्श पद्धति से फसल कटाई प्रयोग की प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेख, सर्वेक्षण के दौरान महत्वपूर्ण सावधानियों और फसल संबंधी आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया समझाई।
व्यवहारिक सत्र में मोबाइल ऐप के माध्यम से फसल कटाई प्रयोग और अन्य कृषि सांख्यिकीय कार्यों को पूरा करने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षणार्थियों को ऐप में आवश्यक जानकारी दर्ज करने, विवरणों का संधारण करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य पूरा करने का प्रशिक्षण दिया गया।




