बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता: अरविंद ज्वेलर्स में चोरी का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

बलरामपुर/वाड्रफनगर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में अरविंद ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये के आभूषण चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 14.175 किलो चांदी, एक पिकअप वाहन और एक बाइक जब्त की गई है। जब्त चांदी की अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये बताई गई है।

सटर तोड़कर दुकान में घुसे थे चोर

पुलिस के अनुसार 16 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने वाड्रफनगर थाना बसंतपुर क्षेत्र में स्थित अरविंद ज्वेलर्स की दुकान का सटर तोड़ दिया था। इसके बाद आरोपी दुकान के अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर फरार हो गए थे।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।

संयुक्त टीम ने की आरोपियों की तलाश

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में थाना बसंतपुर, थाना चलगली और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने रोहतास क्षेत्र से सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने ज्वेलर्स दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।

सात आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने सोनू कुमार (21), निवासी शंभू डिहरी, थाना दिनारा, रोहतास; शंकर चौधरी (55), निवासी अलीगंज, थाना सूरजपुरा, रोहतास; नरेंद्र चौधरी (40), निवासी डिहरी, थाना दिनारा, रोहतास; लीलू चौधरी (19), निवासी सीताबिगहा, सासाराम, रोहतास; राजकुमार चौधरी (20), निवासी चिलबिला, थाना दिनारा, रोहतास; अंगद चौधरी (24), निवासी शंभूडीहरी, थाना दिनारा, रोहतास और सुनील कुमार सोनी (38), निवासी दिनारा, जिला रोहतास को गिरफ्तार किया है।

39 लाख की चांदी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.175 किलो चांदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार जब्त चांदी की अनुमानित कीमत करीब 39 लाख रुपये है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किए गए एक पिकअप वाहन और एक बाइक को भी जब्त किया गया है।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

पुलिस ने सभी सात आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया, जहां से आरोपियों को जेल दाखिल किया गया।

Advertisement
Share This Article