बिलासपुर/सीपत। काम के सिलसिले में पति-पत्नी के घर से बाहर जाते ही पड़ोसी ने कथित तौर पर सूने मकान को निशाना बनाया। ताला तोड़कर लाखों के जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गए जेवरात भी शत-प्रतिशत बरामद करने का दावा किया है।
सोने-चांदी के जेवरात बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 7.66 ग्राम सोने के आभूषण, जिसमें मंगलसूत्र, लॉकेट, फूल्ली और टॉप्स शामिल हैं, बरामद किए गए। इसके अलावा 361 ग्राम चांदी के जेवरात भी जब्त किए गए, जिनमें पैरी, पायल, बिछिया और अंगूठी शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश सोनवानी (31), निवासी दर्राभाठा, थाना सीपत, तथा सनिता कौसले (37), निवासी रामा केयर अस्पताल के पास, थाना सिविल लाइन, बिलासपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दिनेश पूर्व में भी चोरी के मामलों में चालानशुदा है, जबकि सनिता पर चोरी के माल को छिपाने में सहयोग करने का आरोप है।
कुछ घंटों के लिए सूना मिला मकान
दर्राभाठा निवासी सनत कुमार रात्रे 24 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे एनटीपीसी सीपत काम पर गए थे। कुछ देर बाद उनकी पत्नी भी खेत में काम करने चली गईं। करीब 11:45 बजे जब वह वापस लौटीं तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला।
घर के अंदर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद गायब थे। शिकायत मिलने पर सीपत पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना से पुलिस को मिला सुराग
एसएसपी रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल और सीएसपी तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से सुराग जुटाए।
जांच के दौरान बीट आरक्षकों को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना के समय पूर्व रिकॉर्डधारी दिनेश सोनवानी को पीड़ित के घर के आसपास देखा गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
महिला साथी के पास छिपाए थे जेवर
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बताया कि पकड़े जाने के डर से उसने चोरी किए गए जेवरात अपनी सहयोगी सनिता कौसले के पास छिपा दिए थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय
बिलासपुर, छत्तीसगढ़




