महामाया मंदिर गेट पर भाजपा के दो गुटों में मारपीट, चप्पल से पिटाई का वीडियो वायरल

Advertisement
Advertisement

दुकान में चोरी के शक से शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंचा, दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस FIR दर्ज

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

बिलासपुर/रतनपुर। मां महामाया की नगरी रतनपुर में महामाया मंदिर के मुख्य गेट के पास शनिवार को भाजपा से जुड़े दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के दौरान दोनों पक्षों में लात-घूंसे चलने, कपड़े फटने और एक महिला द्वारा युवक की चप्पल से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में रतनपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चोरी के शक से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक मंदिर रोड पर प्रसाद की दुकान और होटल संचालित करने वाले तुषार पटेल के प्रतिष्ठान से करीब एक सप्ताह पहले सामान चोरी होने की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। शनिवार को तुषार ने मंदिर गेट के पास अपने पूर्व कर्मचारी करिया उर्फ मनोज को देखा। चोरी के संदेह को लेकर उसने मनोज के साथी मोंटी धीवर से पूछताछ की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।

भाजपा नेत्री के पहुंचने के बाद बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि विवाद की जानकारी मनोज और फूल दुकान संचालक भाजपा नेत्री रेहाना बेगम तक पहुंची। दोपहर करीब 2:30 बजे रेहाना बेगम अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचीं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

कपड़े फाड़ने और मारपीट के आरोप

तुषार पटेल पक्ष ने आरोप लगाया कि रेहाना बेगम, भागवत उर्फ रेहान, शेरू और मोंटी ने उनके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचीं तुषार की बहन मेघा प्रधान और ईश्वर प्रधान के साथ भी मारपीट किए जाने तथा कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया गया है।

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी बदसलूकी, गाली-गलौज और झूठे आरोप लगाए जाने सहित अन्य आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

चप्पल से पिटाई का वीडियो वायरल

घटना के दौरान एक महिला द्वारा युवक की चप्पल से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और उससे जुड़े आरोपों की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

दोनों पक्षों पर क्रॉस FIR

महामाया मंदिर के मुख्य गेट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई मारपीट के मामले में रतनपुर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस FIR दर्ज की है। पुलिस मामले से जुड़े वायरल वीडियो और मौके पर लगे CCTV फुटेज की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वायरल वीडियो:
https://www.instagram.com/reel/DcbBTpZvb2z/?igsi=MWVra2ZhMjVubTF0Nw==

Advertisement
Share This Article