वीबी जी राम जी, आवास सहित प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा
स्वीकृत कार्यों को धरातल पर उतारकर ग्रामीणों को दिलाएं योजनाओं का लाभ
रिपोर्टर: अभिषेक कुमार पाण्डेय
संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
बिलासपुर, 24 अगस्त 2026। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव श्री भीम सिंह ने सोमवार को संभाग आयुक्त कार्यालय के सभागार में संभाग के सभी जिला पंचायत सीईओ एवं जनपद पंचायत सीईओ की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में संभागायुक्त श्री सुनील कुमार जैन, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न जिलों एवं जनपद पंचायतों के सीईओ मौजूद रहे।
बैठक में सचिव श्री भीम सिंह ने विकसित भारत-जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण और पीएम जनमन आवास योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं का लाभ समय पर ग्रामीणों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
वीबी जी राम जी योजना के कार्यों में तेजी के निर्देश
सचिव श्री सिंह ने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी केंद्र एवं राज्य शासन की प्राथमिकता वाली योजना है। इसके लिए राज्य में करीब 5,500 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। वित्तीय वर्ष में लगभग सात माह का समय शेष है, जबकि कृषि कार्यों के चरम समय करीब 45 दिन कार्य प्रभावित रहने की संभावना है। ऐसे में उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग करते हुए स्वीकृत कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि वीबी जी राम जी योजना के तहत स्वीकृत कार्यों के साथ महात्मा गांधी नरेगा के अपूर्ण कार्यों में भी श्रमिकों को नियोजित किया जा सकता है। सभी कार्यों के लिए ग्राम सभा का अनुमोदन अनिवार्य रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
सचिव ने कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा शिकायतों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा। मांग के आधार पर कार्यों की स्वीकृति देने और तत्काल कार्य प्रारंभ कर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में ग्राम पंचायतवार स्वीकृत कार्यों, सृजित मानव दिवस और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बालिका शौचालय के 2,107 कार्य, समुदाय के लिए मुक्तिधाम के 233 कार्य, मुक्तिधाम शेड एवं प्रतीक्षालय के 575 कार्य तथा बोरवेल रिचार्ज के 1,017 प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
सचिव ने कहा कि बारिश के बाद इन कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ जल्द मिल सके। महात्मा गांधी नरेगा के अपूर्ण कार्यों, लंबित केवाईसी, स्वीकृत एवं प्रगतिरत कार्यों की भी समीक्षा की गई।
अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता से पूरा करें
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए सचिव श्री भीम सिंह ने अपूर्ण आवासों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन आवासों का निर्माण शुरू किया जा सकता है, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराया जाए।
भुगतान संबंधी समस्या वाले प्रकरणों की अलग सूची तैयार कर उनका निराकरण करने तथा रोजगार सहायकों एवं आवास मित्रों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण के जरिए आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर
मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं पीएम जनमन आवास योजना की भी समीक्षा की गई। सचिव ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने और स्वीकृत आवासों को तय समय-सीमा में पूर्ण कराने कहा।
उन्होंने आरसेटी एवं आईएमटी के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप हितग्राहियों को प्रशिक्षण से जोड़ने और प्रशिक्षण के माध्यम से आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर श्रीमती स्मृति तिवारी सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




