बिलासपुर। कोपरा डैम के पास युवती से छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में पिछले 20 दिनों से फरार चल रहे आरोपी को हिर्री पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सायबर सेल की मदद से मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी आशीष पात्रे (27 वर्ष) को तखतपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
3 अगस्त को कोपरा डैम के पास हुई थी घटना
मामला 3 अगस्त 2026 का है। दोपहर करीब 2 बजे कोपरा डैम के पास युवती से छेड़छाड़ और धमकी देने की घटना सामने आई थी। पीड़िता ने पहले सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जहां जीरो एफआईआर दर्ज की गई। बाद में केस डायरी हिर्री थाने भेजी गई।
हिर्री पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 223/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 74 और 351(3) के तहत जांच शुरू की।
लगातार बदल रहा था ठिकाना
घटना के बाद आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह, ग्रामीण एएसपी मधुलिका सिंह और सीएसपी चकरभाठा राजेश जोशी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की।
मोबाइल लोकेशन से पहुंची पुलिस
जांच के दौरान आरोपी की मोबाइल टावर लोकेशन तखतपुर थाना क्षेत्र के पचबहरा (छिरहापारा) में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 23 अगस्त 2026 की शाम करीब 7:45 बजे आरोपी आशीष पात्रे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
संवाददाता, बिलासपुर छत्तीसगढ़




