’15 मिनट में लौटा रहा हूं’ कहकर बाइक ले उड़ा शातिर: 7 महीने बाद चकरभाठा पुलिस के हत्थे चढ़ा, 2 गाड़ियां बरामद

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। पहचान वालों का भरोसा जीतकर वाहन मांगने और फिर उसे लेकर फरार होने वाले आरोपी को चकरभाठा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब सात महीने से एक परिचित की बाइक लेकर फरार था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो एचएफ डीलक्स सहित दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

15 मिनट के लिए मांगी थी बाइक

मामला ट्रांसपोर्ट नगर परसदा स्थित बबलू गैरेज का है, जहां प्रार्थी कामदास मानिकपुरी काम करता था। 31 जनवरी 2026 को आरोपी दानू मसीह ने जरूरी काम का हवाला देते हुए कामदास से उसकी बाइक महज 15 मिनट के लिए मांगी थी। भरोसा कर कामदास ने बाइक दे दी, लेकिन आरोपी वाहन लेकर फरार हो गया और वापस नहीं लौटा।

प्रार्थी की शिकायत पर चकरभाठा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

7 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देशन तथा ग्रामीण एएसपी मधुलिका सिंह और सीएसपी राजेश जोशी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि दानू मसीह के खिलाफ बलौदाबाजार जिले के भाटापारा थाने में भी मोटरसाइकिल चोरी का मामला दर्ज है।

दो मोटरसाइकिलें बरामद

पुलिस टीम ने 23 अगस्त 2026 को घेराबंदी कर आरोपी दानू मसीह (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर प्रार्थी की करीब 35 हजार रुपये कीमत की बाइक के अलावा एक अन्य लावारिस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

Advertisement
Share This Article