Raipur Kawad Yatra : भोले की भक्ति में रंगा रायपुर, CM विष्णुदेव साय ने की कांवड़ यात्रा में शिरकत; रुद्राभिषेक कर मांगी प्रदेश की खुशहाली

Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, छत्तीसगढ़

रायपुर। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर राजधानी रायपुर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आई। गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

गुढ़ियारी से महादेव घाट तक निकली कांवड़ यात्रा
मारुति मंगलम परिसर से हजारों शिवभक्त पवित्र जल लेकर पैदल महादेव घाट स्थित ऐतिहासिक भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर के लिए रवाना हुए। कांवड़ियों के जयघोष और भक्ति गीतों से यात्रा मार्ग शिवमय हो गया।

मुख्यमंत्री ने बढ़ाया शिवभक्तों का उत्साह
मुख्यमंत्री साय ने कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते हुए सावन मास की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह आस्था, संस्कृति, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है।

सामाजिक समरसता का संदेश
सीएम साय ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी से आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता मजबूत होती है। धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का काम करती हैं।

धार्मिक स्थलों के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्राचीन शिवधाम और शक्तिपीठ प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं। राज्य सरकार प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार की दिशा में लगातार काम कर रही है। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

हटकेश्वरनाथ मंदिर में हुआ जलाभिषेक
गुढ़ियारी से निकली कांवड़ यात्रा खारून नदी के तट पर स्थित महादेव घाट पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव का पवित्र जल से अभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।

ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।

प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति, प्रदेशवासियों के कल्याण और हर परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

Share This Article