अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
बिलासपुर। नगर निगम और छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) के बीच बिजली बिल के बकाए को लेकर विवाद अब गंभीर स्थिति में पहुंच गया है। करीब 300 करोड़ रुपये के बकाए को लेकर बिजली कंपनी ने शुक्रवार रात शहर के ईस्ट और वेस्ट डिवीजन की 5,000 से अधिक स्ट्रीट लाइटों की बिजली आपूर्ति काट दी। इससे शहर के कई प्रमुख मार्गों पर अंधेरा छा गया।
निगम के अनुरोध पर बहाल हुई बिजली
शुक्रवार शाम बिजली आपूर्ति बंद किए जाने के बाद नगर निगम की ओर से बिजली कंपनी के अधिकारियों से संपर्क किया गया। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद रात करीब 11 बजे से स्ट्रीट लाइटों की आपूर्ति दोबारा बहाल की गई। हालांकि, बिजली कंपनी ने स्पष्ट कर दिया है कि यह फिलहाल सांकेतिक कार्रवाई है।
सोमवार तक भुगतान नहीं तो कटेगी लाइन
CSPDCL के अधिकारियों के मुताबिक, यदि सोमवार तक बकाया राशि के भुगतान को लेकर ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो स्ट्रीट लाइटों की बिजली आपूर्ति दोबारा काटी जा सकती है। बिजली कंपनी ने लंबे समय से लंबित बिलों के भुगतान को लेकर निगम को पहले भी नोटिस जारी किए थे।
कई इलाकों में छाया अंधेरा
बिजली कटौती के कारण विनोबा नगर, विद्या नगर, श्रीकांत वर्मा मार्ग, सरकंडा, करबला रोड और लिंगियाडीह मेन रोड समेत शहर के करीब 40 इलाकों की स्ट्रीट लाइटें प्रभावित हुईं। इससे रात के समय सड़क पर आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
1,469 कनेक्शनों का बिल लंबित
जानकारी के अनुसार नगर निगम से जुड़े करीब 1,469 बिजली कनेक्शनों का भुगतान लंबित बताया जा रहा है। इनमें वेस्ट जोन में करीब 146 करोड़ रुपये और ईस्ट जोन में करीब 69 करोड़ रुपये का बकाया बताया गया है। निगम के अलग-अलग कनेक्शनों को लेकर बिजली कंपनी और नगर निगम के बीच भुगतान का मुद्दा लंबे समय से बना हुआ है।
CSPDCL ने दी सख्त चेतावनी
CSPDCL के कार्यपालक निदेशक एके अम्बष्ट के अनुसार फिलहाल केवल सांकेतिक कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सोमवार तक स्थिति देखी जाएगी और बकाया राशि जमा नहीं होने पर लाइन काटने की कार्रवाई की जा सकती है।
महापौर ने भुगतान का दिया भरोसा
बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी ने कहा कि सामाजिक और सामुदायिक भवनों सहित कई गैर-जरूरी स्थानों पर अतिरिक्त बिजली भार का असर निगम पर पड़ रहा है। उन्होंने ऐसे स्थानों का सर्वे कराकर उन्हें चिह्नित करने और बकाया भुगतान की दिशा में कार्रवाई की बात कही है।
निगम और बिजली कंपनी आमने-सामने
लगातार नोटिस और भुगतान की मांग के बाद बिजली कंपनी की कार्रवाई से नगर निगम पर बकाया चुकाने का दबाव बढ़ गया है। अब सोमवार को निगम की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर शहर की स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था टिकी हुई है।
