जून 2027 तक हर घर जल का लक्ष्य पूरा करने पर जोर, नगरीय निकायों को 5 साल की कार्ययोजना बनाने के निर्देश
महासमुंद। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने शनिवार शाम महासमुंद कलेक्ट्रेट में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, योजनाओं की प्रगति और नागरिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सड़कों और पुल-पुलियों के निर्माण में गुणवत्ता पर जोर
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने जिले में निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों और अन्य अधोसंरचना कार्यों की स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और स्वीकृत कार्यों को तय समय में पूरा किया जाए।
उन्होंने सड़कों के रखरखाव एवं मरम्मत के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। साथ ही आधुनिक तकनीक और उपकरणों का उपयोग कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
जून 2027 तक हर घर जल का लक्ष्य
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में श्री साव ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की पेयजल व्यवस्था तथा जल जीवन मिशन के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने बंद पड़े ट्यूबवेलों को तत्काल चालू कराने और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों को जल योजनाएं हस्तांतरित करने के बाद सचिवों और सरपंचों को इनके संचालन एवं रखरखाव की तकनीकी जानकारी दी जाए। जून 2027 तक सभी ग्राम पंचायतों में हर घर जल का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
नगरीय निकायों को 5 साल की कार्ययोजना बनाने के निर्देश
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने शहरों में चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता, सड़क-नाली निर्माण और नागरिक सुविधाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों को आगामी पांच वर्षों के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार कर विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने 15वें वित्त आयोग से संबंधित अधोसंरचना कार्यों, नालंदा परिसर सहित निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना को प्राथमिकता देने के साथ राजस्व वसूली पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
हर गांव में मैदान और हर स्कूल से खिलाड़ी तैयार हों
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साव ने जिले में खेल गतिविधियों और उपलब्ध खेल अधोसंरचना की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर से तैयार करने पर जोर दिया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हर गांव में खेल का मैदान होना चाहिए और हर स्कूल से खिलाड़ी निकलने चाहिए। प्राथमिक कक्षाओं से ही बच्चों को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उपलब्ध खेल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समन्वय और समयबद्धता के साथ काम करने की हिदायत
श्री साव ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने और शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने कहा। उन्होंने पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंच सके।
बैठक में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह, जल जीवन मिशन के अतिरिक्त मिशन संचालक श्री ओंकेश चंद्रवंशी, लोक निर्माण विभाग के सेतु परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री एस.के. कोरी, रायपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री पी.एम. कश्यप, विद्युत एवं यांत्रिकी के मुख्य अभियंता श्री टी.आर. कुंजाम सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, छत्तीसगढ़


