नारायणपुर। जिले में अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे दो आरोपियों को नारायणपुर पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 9,300 रुपये नकद राशि और घटना में प्रयुक्त लोहे का स्क्रू-पाना बरामद किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं।
डायल-112 से मिली चोरी की सूचना
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 की सुबह करीब 4 बजे डायल-112 के माध्यम से बखरूपारा, नारायणपुर स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां सुरक्षा गार्ड ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति दुकान की दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे थे।
आहट मिलते ही दुकान के अंदर छिपे आरोपी
सुरक्षा गार्ड की आहट सुनकर दोनों आरोपी दुकान के अंदर ही छिप गए थे। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली और दोनों आरोपियों को दुकान के भीतर से पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
नकदी और चोरी में इस्तेमाल औजार बरामद
पुलिस ने आरोपी कलम सिंह मांडले, पिता नवल सिंह, उम्र 50 वर्ष, निवासी पीपलदा, थाना गंधवानी, जिला धार (मध्यप्रदेश) के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लोहे का स्क्रू-पाना बरामद किया। वहीं आरोपी गणपत मोहनीया, पिता रंजीत मोहनीया, निवासी खाखेरिया खौदरा, थाना टांडा, जिला धार (मध्यप्रदेश) से चोरी की 9,300 रुपये नकद राशि बरामद की गई।
दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाई। जांच में दोनों के खिलाफ जिला कांकेर में चोरी के दो, कोंडागांव में एक और धमतरी में एक मामला पूर्व से दर्ज होना पाया गया है।
न्यायालय में किया गया पेश
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की विवेचना और अन्य आवश्यक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील
नारायणपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपने घर, दुकान और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा डायल-112 पर सूचना दें।


