अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, छत्तीसगढ़
बेमेतरा। खण्डसरा चौकी क्षेत्र के बंसापुर-सेमरिया गांव में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक DAV स्कूल बस की चपेट में आने से 3 साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बस की चपेट में आया मासूम
जानकारी के अनुसार, बंसापुर-सेमरिया मार्ग पर स्कूल बस गुजर रही थी। इसी दौरान 3 साल का मासूम बस की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी गंभीर थी कि बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद बस छोड़कर भागे चालक-कंडक्टर
घटना के बाद स्कूल बस को सड़क पर छोड़कर चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर खण्डसरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने स्कूल बस को जब्त कर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के साथ फरार चालक और कंडक्टर की तलाश की जा रही है।
परिवार में पसरा मातम
मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने हादसे के लिए चालक और स्कूल प्रबंधन की कथित लापरवाही को जिम्मेदार बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।


