बिलासपुर के सभी ऑटो में जल्द लगेगा QR कोड, स्कैन करते ही मिलेगी चालक और वाहन की पूरी जानकारी

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

बिलासपुर। शहर में ऑटो और ई-रिक्शा से सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस ने नई व्यवस्था शुरू करने की तैयारी की है। जल्द ही बिलासपुर के सभी ऑटो और ई-रिक्शा में QR कोड लगाए जाएंगे। यात्री QR कोड स्कैन कर संबंधित ऑटो चालक और वाहन की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

ऑटो चालकों का होगा अनिवार्य रजिस्ट्रेशन

पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यह व्यवस्था तैयार की जा रही है। इसके तहत पेट्रोल, डीजल और ई-रिक्शा सहित सभी प्रकार के ऑटो का रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार QR कोड के जरिए ऑटो चालक, वाहन स्वामी और किराए पर वाहन चलाने वाले व्यक्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी डिजिटल रूप से उपलब्ध होगी। इससे जरूरत पड़ने पर पुलिस को भी वाहन और चालक की पहचान करने में आसानी होगी।

विवाद या आपात स्थिति में होगी पहचान आसान

यात्रियों और ऑटो चालकों के बीच किसी प्रकार का विवाद, भ्रम या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर QR कोड के माध्यम से वाहन और चालक की पहचान आसानी से की जा सकेगी। इससे यात्रियों की शिकायतों के निराकरण और जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पुलिस के मुताबिक बिलासपुर शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी ऑटो चालक लंबी दूरी तय करके यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाते हैं। ऐसे में रास्ते में किसी घटना, विवाद या आपात स्थिति की स्थिति में वाहन और चालक की पहचान महत्वपूर्ण हो जाती है।

महिला ऑटो चालकों को भी मिलेगा सुरक्षा का लाभ

बिलासपुर में बड़ी संख्या में महिला चालक भी ऑटो संचालित कर रही हैं। उन्हें भी दिन-रात यात्रियों को अलग-अलग क्षेत्रों में छोड़ने जाना पड़ता है। यातायात पुलिस का मानना है कि QR कोड आधारित रजिस्ट्रेशन व्यवस्था महिला ऑटो चालकों सहित सभी चालकों की सुरक्षा में सहायक हो सकती है।

आपात स्थिति में पुलिस को सूचना देने और संबंधित वाहन की पहचान करने में भी यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है।

पुलिस के पास सुरक्षित रहेगा डिजिटल रिकॉर्ड

QR कोड रजिस्ट्रेशन के बाद ऑटो, वाहन मालिक, चालक और किराए पर वाहन चलाने वाले व्यवसायियों से संबंधित रिकॉर्ड डिजिटल रूप में पुलिस के पास सुरक्षित रहेगा। इससे जरूरत पड़ने पर संबंधित वाहन और चालक की जानकारी तत्काल प्राप्त की जा सकेगी।

ऑटो चालकों से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील

यातायात पुलिस ने जिले के सभी ऑटो चालकों से जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना रजिस्ट्रेशन संचालित होने वाले वाहनों पर निगरानी रखी जाएगी।

यातायात पुलिस का उद्देश्य QR कोड व्यवस्था के माध्यम से यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना तथा ऑटो चालकों और वाहन मालिकों का व्यवस्थित डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है।

Advertisement
Share This Article