उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जांजगीर-चांपा और सक्ती में विकास कार्यों की समीक्षा की, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़

जांजगीर, 20 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जांजगीर जिला मुख्यालय में चार विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर जांजगीर-चांपा और सक्ती जिलों में चल रहे विकास कार्यों एवं शासन की योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।

लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों में तेजी लाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।

नगरीय निकायों के कार्यों में तेजी लाने कहा

नगरीय निकायों में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अरुण साव ने कहा कि जिन कार्यों की स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, उन्हें तत्काल शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।

काम शुरू करने में देरी और धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्राथमिकता वाले कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

नालंदा परिसरों का निर्माण समय पर पूरा करने के निर्देश

बैठक में जांजगीर और सक्ती में निर्माणाधीन नालंदा परिसरों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर विद्यार्थियों और युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है, इसलिए इसके निर्माण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

सड़क मरम्मत को लेकर दिए निर्देश

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुके कार्यों को जल्द शुरू कराने और प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा गया। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।

उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क व्यवस्था से नागरिकों को सुगम आवागमन मिलेगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।

जल जीवन मिशन पर विशेष ध्यान

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण एवं हैंडओवर की जा चुकी योजनाओं के संचालन और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने को शासन की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने पेयजल योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

पंचायत और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित कर पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की व्यवस्था बनाने को भी कहा गया।

पीएम स्वनिधि और पीएम आवास योजना की समीक्षा

उप मुख्यमंत्री ने नगरीय क्षेत्रों में पीएम स्वनिधि, पीएम आवास योजना सहित अन्य प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर

खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। अरुण साव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल आयोजनों से बच्चों और युवाओं को प्रतिभा निखारने के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष योजना के माध्यम से आगे बढ़ाने तथा खिलाड़ियों को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

नागरिकों से संवेदनशील व्यवहार की हिदायत

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कार्यालयों में आने वाले नागरिकों के साथ विनम्रता, संवेदनशीलता और सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे, सक्ती कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के वरिष्ठ एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
Share This Article