बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ जिला शाखा बिलासपुर की जिला कार्यकारिणी का पुनर्गठन कलेक्ट्रेट स्थित मंथन सभागार में किया गया। संघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
प्रदीप तिवारी को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी
पुनर्गठित कार्यकारिणी में कलेक्टर कार्यालय के प्रदीप तिवारी को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं शिक्षा विभाग के प्रशांत पाण्डेय को जिला सचिव बनाया गया। कलेक्ट्रेट की जूही सोम को महिला प्रकोष्ठ की जिला सचिव तथा शिक्षा विभाग के सुमंत यादव को उप प्रांताध्यक्ष का दायित्व दिया गया।
कर्मचारी हित में कार्य करने का लिया संकल्प
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संघ और लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के हित में सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में संगठन को मजबूत करने तथा कर्मचारियों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में बड़ी संख्या में लिपिक रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रोहित तिवारी, प्रांतीय सचिव वर्षा रानी चरण, प्रदीप तिवारी, प्रशांत पाण्डेय, सुमंत यादव, अंकित तिवारी, देवेंद्र पटेल, गोपी चौहान, अनिल पुजारी, राकेश सूर्यवंशी, जूही सोम, रजनी मेहर, जमुना शंकर जायसवाल, रजनी तिवारी, शिमला टंडन, हरेन्द्र सूर्यवंशी, रूपेंद्र बंजारे सहित बड़ी संख्या में लिपिक कर्मचारी उपस्थित रहे।




