गोकुल नगर में अवैध रेत-गिट्टी भंडारण का आरोप, रहवासियों का विरोध; खनिज विभाग ने की कार्रवाई

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। गोकुल नगर घुरू, वार्ड क्रमांक 04 में कथित अवैध रेत-गिट्टी भंडारण को लेकर रहवासियों का विरोध सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले करीब छह महीनों से कॉलोनी में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही और खनिज सामग्री के भंडारण के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे आम लोगों के साथ स्कूली बच्चों और आपातकालीन सेवाओं को परेशानी हो रही है।

भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें बदहाल
रहवासियों के मुताबिक कॉलोनी में ट्रक, ट्रैक्टर, हाइवा, डंपर, छोटा हाथी और जेसीबी जैसे भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। उनका कहना है कि भारी वाहनों के दबाव से कई जगह सड़कें धंस गई हैं और बारिश के कारण स्थिति और खराब हो गई है।

स्कूली बच्चों और एंबुलेंस की आवाजाही प्रभावित
स्थानीय लोगों का दावा है कि सड़क खराब होने के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों के ऑटो और वैन चालकों ने कॉलोनी के भीतर आना कम कर दिया है। वहीं आपात स्थिति में एंबुलेंस तथा नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियों की आवाजाही को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है।

शिकायत के बाद खनिज विभाग ने की कार्रवाई
लगातार शिकायतों के बाद खनिज निरीक्षक विकास सिंह राजपूत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण और जांच के बाद भंडारित रेत-गिट्टी के संबंध में जब्ती की कार्रवाई की गई। जब्ती पत्र तैयार कर सामग्री को आगामी आदेश तक कॉलोनी निवासी अनिल शुक्ला की सुपुर्दगी में दिए जाने की जानकारी सामने आई है।

दोबारा भंडारण के प्रयास का आरोप
रहवासियों का आरोप है कि कार्रवाई के बाद मनीष जांगड़े और उसके साथियों द्वारा दोबारा रेत-गिट्टी का भंडारण करने का प्रयास किया गया। इसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसके बाद मौके पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दी हिदायत
विवाद की सूचना पर सकरी थाने की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने संबंधित पक्ष को खनिज विभाग की कार्रवाई और आदेशों का पालन करने की हिदायत दी। साथ ही आवश्यक दस्तावेजों के साथ थाने में अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए।

रहवासियों ने सुरक्षा को लेकर भी जताई चिंता
स्थानीय लोगों ने देर रात भारी वाहनों की आवाजाही और कुछ वाहन चालकों द्वारा शराब सेवन किए जाने का आरोप लगाते हुए कॉलोनी में असुरक्षा का माहौल बनने की बात कही है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर
रहवासियों की मांग है कि कॉलोनी को खनिज सामग्री के कथित अवैध भंडारण और भारी वाहनों की आवाजाही से राहत दिलाई जाए। अब लोगों की नजर खनिज विभाग और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर है। यदि विभागीय कार्रवाई के बावजूद दोबारा भंडारण किया जाता है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

Advertisement
Share This Article