मरवाही। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी मरवाही द्वारा गुरुवार को सेवा, समर्पण और सामाजिक सद्भावना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से राजीव गांधी के विकासवादी दृष्टिकोण, आधुनिक भारत की सोच और राष्ट्रीय एकता के संदेश को याद किया गया।
अस्पताल में मरीजों से मुलाकात, फल वितरण और रक्तदान
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय अस्पताल से हुई। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और फल वितरित किए। इस दौरान रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन में सुविधा के लिए आवश्यक सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
राजीव गांधी की प्रतिमा पर अर्पित की श्रद्धांजलि
इसके बाद इंदिरा मंडी तिराहा स्थित स्वर्गीय राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात आयोजित संगोष्ठी में राजीव गांधी के व्यक्तित्व, कृतित्व और देश के विकास में उनके योगदान पर वक्ताओं ने विचार रखे।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गजमती भानू ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक सोच, विज्ञान, तकनीक और युवाओं की शक्ति पर विश्वास करना सिखाया। उनके बताए मार्ग पर चलकर सामाजिक न्याय, भाईचारे और विकास के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
पंचायती राज को मजबूत करने में योगदान याद किया
मरवाही के पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव ने कहा कि राजीव गांधी ने गांव, गरीब, किसान और युवाओं को सशक्त बनाने का कार्य किया। पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत कर उन्होंने लोकतंत्र को गांव-गांव तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

छाया विधायक गुलाब सिंह राज ने कहा कि राजीव गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा संविधान की मूल भावना को मजबूत करने की आवश्यकता है।
वक्ताओं ने गिनाए राजीव गांधी के योगदान
बेचूराम अहीरेश ने राजीव गांधी के जीवन को राष्ट्र सेवा और विकास के लिए समर्पित बताया। मूलचंद कुसराम ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्ग के हितों की रक्षा के लिए काम करती रही है।
पंकज तिवारी ने कहा कि राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी की सोच दी। सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षा और युवाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौरेला बलबीर करसायल ने सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे को मजबूत करने के लिए राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। पुष्पराज ठाकुर ने कहा कि राजीव गांधी का सपना मजबूत और समृद्ध भारत का था, जो आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की ली शपथ
संगोष्ठी के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और उपस्थित नागरिकों ने सामाजिक सद्भावना, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने की सामूहिक शपथ ली।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गजमती भानू, पूर्व विधायक मरवाही डॉ. के.के. ध्रुव, जिला कांग्रेस कमेटी कोषाध्यक्ष पंकज तिवारी, पुष्पराज सिंह, गुलाब राज, बलबीर करसायल, मुद्रीका सर्राटी, पप्पू, नीलेश साहू, बेचू अहिरेश, रेखा तिवारी, अमित सोनी, गिरजारानी पोटम, पवन दूबे, गुड्डू शर्मा, मूलचंद कुशराम, संतोष ठाकुर, शिवांश दूबे, विक्रांत रोहणी, असलम, मदन सोनी, पवन केशरी, वीरेंद्र मिश्रा, रतन केसरवानी, अनुज ताम्रकार, आयुष सोनी, अर्पित राय, संतोष मलैया, चंद्रभान मलैया, अजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




