रायगढ़: कांग्रेस प्रवक्ता तारेंद्र डनसेना का सांसद राधेश्याम राठिया पर पलटवार, बयानबाजी को बताया आधारहीन

Advertisement
Advertisement

रायगढ़ । जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के प्रवक्ता तारेंद्र डनसेना ने रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के खिलाफ दिए गए बयानों पर पलटवार किया है। उन्होंने सांसद के आरोपों को आधारहीन और भ्रामक बताते हुए कहा कि भाजपा अपनी विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रही है।

भाजपा पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप

तारेंद्र डनसेना ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यों से भाजपा घबराई हुई है और विपक्ष को दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का कथित दुरुपयोग किया जा रहा है।

आदिवासी हितों को लेकर कांग्रेस ने गिनाए काम

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए काम किया। उन्होंने लोहंडीगुड़ा में आदिवासियों की 4200 एकड़ से अधिक जमीन लौटाए जाने, 65 लघु वनोपजों की समर्थन मूल्य पर खरीदी और तेंदूपत्ता की मानक दर बढ़ाने जैसे कार्यों का उल्लेख किया।

हसदेव के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

डनसेना ने भाजपा पर प्रतीकात्मक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए हसदेव क्षेत्र में जंगलों की कटाई और आदिवासियों के अधिकारों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आदिवासी हितों को लेकर भाजपा के दावों और जमीनी स्थिति में अंतर है।

विकास और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर निशाना

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भूपेश सरकार के कार्यकाल में किसान, मजदूर, युवा और अन्य वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर योजनाएं लागू की गईं। उन्होंने वर्तमान सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया।

सांसद से जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने की अपील

तारेंद्र डनसेना ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता समझदार है और वह तय कर सकती है कि कौन प्रदेश और आदिवासी समाज के हित में काम करता है। उन्होंने सांसद राधेश्याम राठिया से बयानबाजी के बजाय रायगढ़ के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

Advertisement
Share This Article