रिपोर्ट अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर छत्तीसगढ़
19 अगस्त 2026
47 नई सहकारी समितियों में बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के निर्देश
बिलासपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन एवं सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने बुधवार को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सभाकक्ष में बैठक लेकर बैंक के कामकाज और किसानों के हित में संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने और किसानों को समय पर ऋण सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने केंद्र एवं राज्य शासन की किसान हितैषी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

पांच जिलों में खुलीं 47 नई समितियां
मंत्री श्री कश्यप ने बताया कि पांच जिलों में 47 नई सहकारी समितियां खोली गई हैं। इनमें अकेले बिलासपुर जिले की 16 समितियां शामिल हैं। उन्होंने नई समितियों में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को स्थानीय स्तर पर सहकारिता से जुड़ी सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सके।

किसानों को 904 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण
बैठक में जानकारी दी गई कि वर्ष 2026 में अब तक किसानों को 73,207.17 लाख रुपये का नगद ऋण तथा 17,273.35 लाख रुपये का वस्तु ऋण वितरित किया गया है। इस तरह किसानों को कुल 904 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक की ऋण सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मंत्री ने पात्र किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने और सहकारी बैंक की सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
31 अगस्त तक पैक्स का कंप्यूटराइजेशन पूरा करने के निर्देश
बैठक में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों यानी पैक्स की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। कुछ समितियों में डेटा एंट्री का कार्य अभी पूरा नहीं होने पर मंत्री ने 31 अगस्त तक सभी पैक्स में डेटा एंट्री और कंप्यूटराइजेशन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
‘सहकार से समृद्धि’ योजना की समीक्षा
मंत्री ने ‘सहकार से समृद्धि’ योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सहकारिता के माध्यम से किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कॉमन सर्विस सेंटर की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी केंद्रों में आईडी बनाने के निर्देश भी दिए।
अधूरे गोदामों को जल्द पूरा करने के निर्देश
बैठक में अन्न भंडारण योजना की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने योजना का शत-प्रतिशत और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। गोदाम निर्माण की समीक्षा के दौरान अधूरे पड़े गोदामों की जानकारी ली गई और हाउसिंग बोर्ड सहित संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
किसान क्रेडिट कार्ड का बढ़ाया जाएगा प्रचार
मंत्री श्री कश्यप ने किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति की समीक्षा करते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार और विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ा जाए, जिससे उन्हें कृषि कार्यों के लिए समय पर ऋण सुविधा मिल सके।
लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर जोर
बैठक में ऋण वितरण समितियों, वर्तमान एवं लंबित अल्पकालीन कृषि ऋण, ब्याज अनुदान, माइक्रो एटीएम की उपलब्धता एवं संचालन तथा सीएम हेल्पलाइन से जुड़े प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण करने और किसानों को सहकारिता विभाग की सेवाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती रजनी साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रभात मिश्रा, नोडल अधिकारी श्री आशीष दुबे सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


