रेलवे टिकट दलाली गिरोह का भंडाफोड़, 60 आरक्षित टिकटों से जुड़े दस्तावेज बरामद; तीन गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक: 18 अगस्त 2026

बैकुंठपुर से बनारस तक फैले टिकट दलाली नेटवर्क का खुलासा

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में रेलवे आरक्षित टिकटों की अनधिकृत खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अंतर्राज्यीय टिकट दलाली गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री सौरव कुमार के नेतृत्व में की गई।

जांच में सामने आया टिकट दलाली का नेटवर्क

RPF निरीक्षक अंबिकापुर सुनीता मिंज की जांच में बैकुंठपुर के सिटी PRS से बनारस और भदोही, उत्तर प्रदेश तक फैले टिकट दलाली नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच के अनुसार PRS से जुड़े एक संविदा कर्मचारी द्वारा टिकट तैयार कर बनारस भेजे जाते थे। इसके बाद वहां मौजूद दलाल कथित तौर पर ग्राहकों को अधिक कीमत पर टिकट उपलब्ध कराता था। टिकटों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए बस चालक का भी इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई।

WhatsApp चैट से 60 टिकटों से जुड़ी सामग्री बरामद

जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में WhatsApp चैट के माध्यम से 60 रेलवे आरक्षित टिकटों से संबंधित सामग्री बरामद की गई। इन टिकटों की कुल कीमत करीब 3.68 लाख रुपये बताई गई है।

इनमें से 14 टिकटों पर PNR और अन्य विवरण हस्तलिखित पाए गए। जांच में गिरोह द्वारा टिकटों पर कथित रूप से अवैध कमीशन और अतिरिक्त राशि वसूलकर लाभ कमाने की जानकारी सामने आई है।

बस सेवा से पहुंचाए जाते थे टिकट

RPF की जांच के अनुसार टिकटों को बैकुंठपुर से बनारस तक पहुंचाने के लिए बस सेवा का इस्तेमाल किया जाता था। इस तरह टिकट तैयार करने से लेकर दूसरे राज्य में पहुंचाने और ग्राहकों को बेचने तक एक पूरी श्रृंखला संचालित होने का खुलासा हुआ है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

मामले में रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण में संबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—

  • अविनाश कुमार (35 वर्ष), कोरिया
  • संजय विश्वकर्मा (48 वर्ष), भदोही, उत्तर प्रदेश
  • रवि शंकर (38 वर्ष), सूरजपुर

के रूप में हुई है।

RPF द्वारा मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

टिकट दलाली के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति

RPF की इस कार्रवाई से रेलवे टिकट तैयार करने से लेकर एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाने और ग्राहकों को बेचने तक की कथित अवैध श्रृंखला का खुलासा हुआ है।

रेलवे द्वारा टिकट दलाली और कालाबाजारी के खिलाफ ‘Zero Tolerance’ नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से यात्रियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुगम आरक्षण सुविधा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी मजबूत हुई है।

Advertisement
Share This Article