तीन माह से फरार आरोपी को हिर्री पुलिस ने किया गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
दिनांक : 17/08/2026

कोयले की गुणवत्ता में हेरफेर के मामले में कार्रवाई

बिलासपुर। कोयले की गुणवत्ता में हेरफेर के मामले में पिछले तीन माह से फरार चल रहे आरोपी को हिर्री पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बृजेश जायसवाल (25), निवासी देऊघर, थाना जियावन, जिला सिंगरौली (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में हिर्री क्षेत्र में रह रहा था।

ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड से जुड़ा है मामला

मामला हिर्री थाना क्षेत्र के डिघोरा स्थित ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड कंपनी से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी आशीष केशरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोयला परिवहन एवं लिफ्टिंग का कार्य करता है।

एसईसीएल रामपुर की कोयला खदान से दो ट्रेलरों क्रमांक सीजी 12 एस 8901 और सीजी 04 एचएक्स 4888 में जी-6 श्रेणी का उच्च गुणवत्ता वाला कोयला लोड कर ब्रज आयरन एंड स्टील लिमिटेड भेजा गया था।

जांच में मानक से कम मिली कोयले की गुणवत्ता

कंपनी में कोयला पहुंचने के बाद केमिस्ट द्वारा प्रयोगशाला में इसकी जांच की गई। जांच में ट्रेलरों से पहुंचे कोयले की गुणवत्ता निर्धारित मानक से काफी कम पाई गई।

परीक्षण रिपोर्ट के अनुसार कोयले की जीसीवी क्षमता क्रमशः 4203 और 4220 दर्ज की गई, जबकि भेजे गए कोयले की गुणवत्ता जीसीवी 5500 से 5800 बताई गई थी।

शिकायत के आधार पर हिर्री पुलिस ने अपराध क्रमांक 121/2026 के तहत धारा 316(3), 317(2), 317(4) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

तीन माह से फरार था आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर हिर्री थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर प्रसाद मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा लगातार फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी।

इसी दौरान पुलिस को आरोपी बृजेश जायसवाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने उसकी पतासाजी करते हुए 16 अगस्त 2026 की रात करीब 10:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

आरोपी से पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में विवेचना अभी जारी है और प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Advertisement
Share This Article