रिपोर्टर : अभिषेक कुमार पाण्डेय | जिला बिलासपुर, छत्तीसगढ़
पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण की दिशा में पहल
बिलासपुर। पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ श्री अरुण देव गौतम के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बिलासपुर पुलिस द्वारा पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए पुलिस लाइन स्थित चेतना हॉल में मेगा हेल्थ चेकअप कैंप एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के माध्यम से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान और उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।
वरिष्ठ अधिकारियों और चिकित्सकीय दल की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में संभागायुक्त बिलासपुर श्री सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर बिलासपुर श्री संजय अग्रवाल, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह तथा अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के यूनिट हेड श्री अजय कुमार गुप्ता सहित पुलिस विभाग और अपोलो हॉस्पिटल्स की चिकित्सकीय टीम मौजूद रही।

समय पर जांच से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है
पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का उद्देश्य केवल बीमारी का इलाज करना नहीं, बल्कि बीमारी के लक्षणों की समय पर पहचान और बचाव के प्रति जागरूकता पैदा करना है।

उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारों में स्वास्थ्य के प्रति चेतना बढ़ना जरूरी है, ताकि किसी बीमारी के शुरुआती लक्षणों को पहचानकर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लिया जा सके और बीमारी को गंभीर रूप लेने से रोका जा सके।
कई विशेषज्ञ सेवाओं का मिला लाभ
शिविर में अपोलो हॉस्पिटल्स के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर परामर्श दिया। इसमें पेट एवं लीवर, स्पाइन सर्जरी एवं हड्डी रोग, जनरल मेडिसिन, हृदय रोग, त्वचा रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, फिजियोथेरेपी और डायटेटिक्स से संबंधित विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

ब्लड शुगर, बीपी और नेत्र जांच की सुविधा
स्वास्थ्य शिविर में ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर सहित सामान्य स्वास्थ्य मानकों की निःशुल्क जांच की गई। लीवर की विशेष जांच के लिए फाइब्रोस्कैन तथा टाइटन आई+ के माध्यम से निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों ने एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। शिविर में चिकित्सकीय टीम उपलब्ध कराने के लिए अपोलो हॉस्पिटल्स बिलासपुर के चिकित्सकों को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश
कार्यक्रम में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और शुरुआती स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर चिकित्सकीय सलाह लेने पर विशेष जोर दिया गया।
बिलासपुर पुलिस की इस पहल को पुलिस बल के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और स्वस्थ पुलिस बल के माध्यम से अधिक प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के उन बच्चों को भी प्रोत्साहित किया गया, जिन्होंने 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम ने मेधावी विद्यार्थियों को अपने हाथों से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया और उनके माता-पिता को भी बधाई दी।
सम्मानित विद्यार्थियों में नमन तिवारी, अंजली राजपूत, अनुष्का खलखों, शिलादित्य चंदेल, श्रेयांश सिंह, साक्षी पाठक, रुद्र वाल्मीकि, रघुराज सिंह ठाकुर, करण मरावी, भावना पटेल और कमाना मरकाम शामिल रहे।
पुलिस विभाग की आधारभूत सुविधाओं का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस विभाग की नवनिर्मित एवं निर्माणाधीन आधारभूत संरचनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस हॉस्पिटल, शहीद स्मारक और पुलिस लाइन बिलासपुर का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।


