रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी, माना-रायपुर में राष्ट्रीय पर्व का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में सेनानी श्रीमती पूजा अग्रवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर जवानों और अधिकारी-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

वन्दे मातरम् गायन के साथ शुरू हुआ समारोह
कार्यक्रम की शुरुआत अधिकारियों एवं जवानों द्वारा सामूहिक “वन्दे मातरम्” गायन से हुई। इसके बाद सेनानी श्रीमती पूजा अग्रवाल ने तिरंगा फहराया। सशस्त्र गार्ड ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।
जवानों से कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन की अपील
सेनानी श्रीमती पूजा अग्रवाल ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी स्वतंत्रता सेनानियों और पूर्वजों के त्याग, तपस्या एवं सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की इस अमूल्य विरासत को अक्षुण्ण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने जवानों से अपने दायित्वों का निर्वहन कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ करने तथा राष्ट्रसेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने की अपील की। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए देशहित में अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने का संदेश दिया।
अधिकारी-कर्मचारी और जवान रहे उपस्थित
समारोह में सहायक सेनानी श्री निशांत शर्मा, श्री जावेद अहमद अंसारी, श्री बिसेलाल साहू, श्री दिनेश सिंह सहित सेनानी कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं व्हीआईपी सुरक्षा वाहिनी माना के जवान उपस्थित रहे।


