खरसिया, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले खरसिया में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। दोपहर करीब 2 बजे अग्रसेन चौक से शुरू हुई यात्रा स्टेशन चौक पहुंची, जहां से पुत्री शाला रोड होते हुए टाउन हॉल पहुंचकर इसका समापन हुआ। हाथों में तिरंगा, देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयघोष से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया।
स्कूली बच्चों और NCC कैडेट्स ने बढ़ाया उत्साह
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में नगरवासी, स्कूली छात्र-छात्राएं, NCC कैडेट्स, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कई बच्चे भगत सिंह सहित स्वतंत्रता सेनानियों और देशभक्तों की वेशभूषा में नजर आए, जिसने यात्रा को आकर्षक बना दिया।

जगह-जगह हुआ तिरंगा यात्रा का स्वागत
यात्रा के दौरान शहरवासियों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। कई स्थानों पर लोगों ने प्रतिभागियों के लिए पानी और ग्लूकोज की व्यवस्था की। वहीं कई जगह फूलों से यात्रा का स्वागत किया गया। कुछ लोगों ने प्रतिभागियों को तिरंगे भी वितरित किए।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सहभागिता
यात्रा में नगरपालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, विधायक एवं जिला अध्यक्ष शिखा गबेल, वरिष्ठ भाजपा नेता गोधर गुप्ता, जनपद अध्यक्ष डॉ. हितेश गबेल, जिला पंचायत सदस्य बलदेव कुर्रे, मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

पुलिस एवं प्रशासन की ओर से एसडीओपी सतीश भार्गव, थाना प्रभारी, एसडीएम, तहसीलदार, बीईओ, सीएमओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी तिरंगा यात्रा में शामिल रहे।
टाउन हॉल में प्रतिभागियों का हुआ सम्मान
तिरंगा यात्रा के टाउन हॉल पहुंचने के बाद समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्कूली विद्यार्थियों, NCC कैडेट्स और विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण तरीके से हुआ।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी कैडेट्स के बीच रहे एसडीओपी
तिरंगा यात्रा की खास तस्वीर उस समय देखने को मिली, जब कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अधिकांश लोग वापस लौट चुके थे, लेकिन एसडीओपी सतीश भार्गव NCC कैडेट्स के बीच मौजूद रहे। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन, जिम्मेदारी, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता के महत्व के बारे में मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि देशसेवा केवल सीमा पर जाकर ही नहीं होती, बल्कि अपने कर्तव्यों को ईमानदारी, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ निभाना भी देशसेवा है। उन्होंने कैडेट्स से समय का महत्व समझने, अनुशासन में रहने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा ने बनाया स्वतंत्रता दिवस का माहौल
15 अगस्त से पहले निकली इस तिरंगा यात्रा ने खरसिया में स्वतंत्रता दिवस का माहौल बना दिया। पुलिस, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, स्कूली विद्यार्थियों, NCC कैडेट्स और आम नागरिकों की सामूहिक सहभागिता ने यात्रा को राष्ट्रप्रेम, एकता और जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।
रिपोर्ट : पूजा जायसवाल


