तिरंगा यात्रा : 13 अगस्त को नटवर स्कूल से निकलेगी भव्य यात्रा, रायगढ़वासियों से शामिल होने की अपील

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश लेकर रायगढ़ में लगातार पांचवें वर्ष भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। नवनिर्माण संकल्प समिति एवं संस्कार पब्लिक स्कूल रायगढ़ के सहयोग से आयोजित होने वाली यह यात्रा 13 अगस्त को सुबह 9:30 बजे नटवर स्कूल मैदान से शुरू होगी।

प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए स्टेशन चौक पहुंचेगी यात्रा

आयोजकों के अनुसार तिरंगा यात्रा नटवर स्कूल मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए स्टेशन चौक पहुंचकर समाप्त होगी। यात्रा को लेकर शहर में तैयारियां और प्रचार-प्रसार तेज कर दिया गया है।

कार्यक्रम संयोजक रामचंद्र शर्मा ने बताया कि यात्रा को लेकर शहर के विभिन्न स्थानों पर होर्डिंग और पोस्टर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने रायगढ़ के सभी वर्गों से इस राष्ट्रव्यापी भावना से जुड़े आयोजन में शामिल होने की अपील की है।

दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शामिल होने का आह्वान

नवनिर्माण संकल्प समिति के अध्यक्ष रामचंद्र शर्मा और सचिव दीपक मंडल ने कहा कि तिरंगा किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, व्यापारिक संगठन, पत्रकार, शिक्षाविद, युवा, महिलाएं और आम नागरिक यात्रा में शामिल हों।

शहीदों को श्रद्धांजलि, जवानों को सलाम

तिरंगा यात्रा का उद्देश्य देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे जवानों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना है।

रामचंद्र शर्मा ने कहा कि आज समाज को एकता, भाईचारे और सद्भाव की आवश्यकता है। यात्रा के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास है कि विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन राष्ट्र के सम्मान के मामले में पूरा देश एक है।

परिवार के साथ शामिल होने की अपील

आयोजकों ने रायगढ़वासियों से अपने परिवार, इष्ट-मित्रों और साथियों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील की है। स्कूल-कॉलेज, मीडिया संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक एवं खेल संगठनों सहित समाज के सभी वर्गों से सहभागिता का आग्रह किया गया है।

आयोजकों का कहना है कि जब रायगढ़ की सड़कों पर हजारों हाथों में तिरंगा लहराएगा, तो यह दृश्य देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देगा। सचिव दीपक मंडल ने कहा कि 13 अगस्त को रायगढ़वासियों की भागीदारी ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता होगी।

Advertisement
Share This Article