हत्या के प्रयास : फरार आरोपी शिवा ठाकुर को कोनी पुलिस ने किया गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। हत्या के प्रयास, मारपीट और गंभीर घटनाओं में फरार आरोपियों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर कोनी पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में करीब साढ़े तीन महीने से फरार चल रहे आरोपी शिवा सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया है।

घटना के बाद से फरार था आरोपी

पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को करीब 3 बजे आरोपी अर्जुन ठाकुर और शिवा ठाकुर ने दीपक भार्गव के साथ गाली-गलौज करते हुए बीयर की बोतल और हाथ-मुक्के से मारपीट की थी। घटना में दीपक भार्गव को गंभीर चोटें आई थीं। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।

इस मामले में थाना कोनी में अपराध क्रमांक 205/2026 के तहत धारा 109, 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

एक आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल

कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 मई 2026 को आदतन गुंडा-बदमाश आरोपी अर्जुन सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया था। वहीं दूसरा आरोपी शिवा ठाकुर लगातार फरार चल रहा था।

ग्राम पौंसरा से आरोपी गिरफ्तार

फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। 12 अगस्त 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि शिवा ठाकुर अपने ग्राम पौंसरा स्थित घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर कोनी पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी शिवा सिंह ठाकुर, पिता मुन्ना सिंह ठाकुर, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम पौंसरा, थाना कोनी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया।

न्यायालय में किया गया पेश

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए प्रस्तुत किया।

पुलिस टीम की कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक, कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस द्वारा की गई।

Advertisement
Share This Article