Bilaspur Crime : सिरगिट्टी पुलिस ने सुलझाई बिजली तार चोरी की गुत्थी, 24 घंटे में 4 आरोपी गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट by अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)
दिनांक : 11 अगस्त 2026

04 बंडल बिजली पावर सप्लाई तार और घटना में प्रयुक्त ओमनी कार जब्त, आरोपियों के खिलाफ अन्य थानों में भी दर्ज हैं मामले

बिलासपुर। सिरगिट्टी पुलिस ने बिजली पावर सप्लाई तार चोरी के मामले का खुलासा करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 04 बंडल बिजली तार एवं वारदात में प्रयुक्त ओमनी कार क्रमांक CG 10 FA 2456 बरामद कर जब्त की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।

एक किलोमीटर लंबा बिजली तार चोरी

पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने थाना सिरगिट्टी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तिफरा सेक्टर-डी में सड़क लाइट की सुविधा के लिए विद्युत पोल खड़े कर बिजली तार खींचकर लाइट लगाई गई थी। वर्तमान में यहां पावर सप्लाई नहीं हो रही थी। इसी दौरान 9 और 10 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने करीब एक किलोमीटर लंबा बिजली तार, जिसकी कीमत लगभग 45 हजार रुपये बताई गई है, चोरी कर लिया।

शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

मुखबिर और तकनीकी साक्ष्य से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश की। पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों से भी पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को मामले में चार संदिग्धों की भूमिका सामने आई।

पूछताछ में चोरी का अपराध स्वीकार

पुलिस ने नीतेश पंडित (22), निवासी अमोरा, थाना मुलमुला, राजेश राय उर्फ रात्रे (32), निवासी मुरलीडीह, थाना मुलमुला, विकास साण्डे (22), निवासी मुरलीडीह, थाना मुलमुला तथा श्रीजीत जोशी (30), निवासी विद्युत नगर तिफरा, वार्ड क्रमांक 08, थाना सिरगिट्टी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बिजली तार चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

तार और ओमनी कार जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 04 बंडल बिजली तार बरामद किए। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त ओमनी कार क्रमांक CG 10 FA 2456 को भी जब्त किया गया है।

पुलिस जांच में आरोपियों के विरुद्ध अकलतरा, मस्तूरी, मुलमुला एवं जांजगीर-चांपा क्षेत्र के थानों में अन्य अपराध दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

चारों आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए

मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisement
Share This Article