Bilaspur Jan Darshan : कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Advertisement
Advertisement

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सौंपे आवेदन, रास्ते से अतिक्रमण से लेकर राशन कार्ड और मुआवजा संबंधी मामले पहुंचे

बिलासपुर। जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने निजी एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवेदनों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल एवं एडीएम शिव कुमार बनर्जी ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।

रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग

विकासखंड कोटा के ग्राम रैनपुर कर्रा निवासी भरत लाल केवट ने आम निस्तारी के रास्ते को अवैध कब्जे से मुक्त कराने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि मुख्य गली में बांस लगाने, गोबर का घूरवा रखने सहित अन्य अवरोधों के कारण रास्ता संकरा हो गया है। इससे किसानों को ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने राजस्व अमले से मौके की जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग की।

श्रमिक कार्ड में संशोधन का आवेदन

नयापारा निवासी गजबाई कुर्रे ने श्रमिक कार्ड में संशोधन कराने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि कार्ड में त्रुटि होने के कारण उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आवश्यक संशोधन कर योजनाओं का लाभ दिलाने का अनुरोध किया।

उपचार के खर्च के लिए आर्थिक सहायता की मांग

रमतला निवासी बलहीन बाई ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि बिजली करंट की चपेट में आने के बाद उपचार में काफी खर्च हुआ। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार के लिए लिए गए कर्ज को चुकाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।

बंद राशन कार्ड चालू कराने की मांग

रतनपुर क्षेत्र के करैहापारा निवासी देहुती बाई ने बंद राशन कार्ड को पुनः चालू कराने आवेदन दिया। उन्होंने बताया कि राशन कार्ड बंद होने के कारण परिवार को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पात्रता के आधार पर राशन कार्ड पुनः सक्रिय करने का अनुरोध किया।

बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त पेड़ हटाने की मांग

वार्ड क्रमांक 18, तिलक नगर निवासी योगेश दीक्षित ने घर परिसर में स्थित करीब 30 वर्ष पुराने नारियल के पेड़ को हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि हाल ही में बिजली गिरने से पेड़ का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

आंगनबाड़ी भवन निर्माण में अनियमितता की शिकायत

मस्तूरी विकासखंड के ग्राम पंचायत दर्राभांठा निवासी देवसिंह सोनवानी ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण में कथित अनियमितता एवं शासकीय राशि के उपयोग की जांच की मांग की। आवेदन में बताया गया कि भवन निर्माण के लिए राशि आहरित होने के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ है और बच्चों को जर्जर भवन में संचालित आंगनबाड़ी में बैठना पड़ रहा है। उन्होंने जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

बैंक से मूल दस्तावेज वापस दिलाने की मांग

रतनपुर निवासी रामकुमार मंडलोई ने स्टेट बैंक से संबंधित ऋण प्रकरण में शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा एनओसी जारी किए जाने के बावजूद संपत्ति के मूल दस्तावेज वापस नहीं किए गए हैं। उन्होंने दस्तावेज शीघ्र उपलब्ध कराने एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

भूमि अधिग्रहण के मुआवजे की मांग

तखतपुर तहसील के ग्राम केकती निवासी पेखन राम यादव ने बताया कि खम्हरिया से दैजा मार्ग के चौड़ीकरण के लिए उनकी भूमि का एक हिस्सा अधिग्रहित किया गया था, लेकिन अब तक अधिग्रहित भूमि का मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की।

डूब प्रभावित कृषि भूमि के मुआवजे की मांग

रतनपुर तहसील के बांसाझाल निवासी भरत सिंह ने बताया कि उनकी कृषि भूमि नाले के डूब क्षेत्र में आने से प्रभावित हुई है। भूमि का उपयोग नहीं हो पाने से आजीविका पर संकट की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने बताया कि अब तक मुआवजा राशि भी प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने प्रभावित भूमि का नियमानुसार सर्वे कराकर शीघ्र मुआवजा प्रदान करने की मांग की।

अधिकारियों को निराकरण के निर्देश

जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से सुनने के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा पात्र मामलों में समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रिपोर्ट by अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

Advertisement
Share This Article