भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे में ग्रामीणों ने दिखाई एकजुटता, 14 अगस्त को होगी अगली बैठक
श्रावण मास के दूसरे सोमवार को कुड़कई-सेवरा-कुदरी गांवों के आस्था के केंद्र श्री निगवा पाठ बाबा धाम में भक्तिभाव का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां भजन-कीर्तन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें तीनों गांवों सहित आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के पश्चात मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मां सरस्वती मंदिर के निर्माण कार्य को “निर्मला दिन” तक शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। मंदिर निर्माण को गति देने के लिए श्रद्धालुओं से तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की गई।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी श्रावण सोमवार को भी बाबा धाम में पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सहयोग करने का आह्वान किया गया।
14 अगस्त को होगी अगली बैठक
मंदिर निर्माण और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए 14 अगस्त 2026, शुक्रवार को श्री निगवा पाठ बाबा धाम परिसर में एक बड़ी बैठक बुलाई गई है। बैठक में कुड़कई, सेवरा, कुदरी सहित आसपास के गांवों और शहरों के सभी गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति अनिवार्य बताई गई है।
ग्रामीणों ने कहा कि मां सरस्वती का मंदिर बनने से पूरे क्षेत्र में शिक्षा और संस्कार को बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए हर व्यक्ति से यथासंभव सहयोग की अपेक्षा है। इच्छुक श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचकर निर्माण कार्य में सहयोग कर सकते हैं।




