अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासपुर में किया शुभारंभ

Advertisement
Advertisement

रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर, छत्तीसगढ़
दिनांक : 08/08/2026

सरकंडा में शुरू हुई आधुनिक राशन वितरण व्यवस्था, आधार बायोमेट्रिक से मिलेगा खाद्यान्न
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज बिलासपुर के सरकंडा में अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का शुभारंभ किया। खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के सहयोग से राज्य शासन के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा स्थापित यह व्यवस्था सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी, आधुनिक और हितग्राही-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

इस अवसर पर विधायक श्री सुशांत शुक्ला, महापौर श्रीमती पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में राशन कार्डधारी हितग्राही उपस्थित रहे।

तकनीकी नवाचार और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने इस अभिनव पहल को आम जनता को समर्पित करते हुए कहा कि अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी नवाचार, पारदर्शिता और सुगम सेवा वितरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मशीन के माध्यम से खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया गया। आधुनिक व्यवस्था को लेकर उपस्थित लोगों में उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली।

कैसे काम करेगा अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के माध्यम से राशन प्राप्त करने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी है। हितग्राही को मशीन के सामने निर्धारित स्थान पर खड़े होकर आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण यानी फिंगरप्रिंट देना होगा।

प्रमाणीकरण के बाद मशीन की स्क्रीन पर हितग्राही के लिए उपलब्ध राशन और उसकी मात्रा प्रदर्शित होगी। पुष्टि करने के बाद हितग्राही अपना खाली बैग या थैला डिस्पेंसर के नीचे रखकर डिस्पेंस बटन दबाएगा। इसके बाद निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न मशीन से स्वतः निकलकर बैग में भर जाएगा।

समय की होगी बचत, मानवीय त्रुटियां होंगी कम

इस तकनीक आधारित व्यवस्था से राशन वितरण में होने वाली मानवीय त्रुटियों को कम करने के साथ समय की बचत होने की उम्मीद है। हितग्राहियों को त्वरित, सटीक और पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सकेगा।

हितग्राहियों में दिखा उत्साह

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के शुभारंभ को लेकर आम जनता और राशन कार्डधारी हितग्राहियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। हितग्राहियों ने मशीन की सरल कार्यप्रणाली, सटीक तौल और त्वरित वितरण व्यवस्था की सराहना की।

नागरिकों ने उम्मीद जताई कि तकनीक आधारित इस व्यवस्था से सार्वजनिक वितरण प्रणाली अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनेगी।

अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर, नान जिला प्रबंधक श्री नितिन दीवान, WFP की सुश्री नताशा कुमारी पनवार सहित जनप्रतिनिधि और खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम के प्रारंभ होने से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक आधारित सुधारों को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे हितग्राहियों को अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Advertisement
Share This Article