सरस्वती साइकिल योजना से मिला बालिका शिक्षा को बढ़ावा : समीरा पैकरा

Advertisement
Advertisement

सकोला कन्या विद्यालय में 79 छात्राओं को वितरित की गई साइकिल, प्रार्थना शेड और बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सकोला में सरस्वती साइकिल योजना के तहत 79 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना से बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिला है और छात्राओं के लिए विद्यालय आने-जाने की राह आसान हुई है।

शिक्षा को लेकर सरकार गंभीर : समीरा पैकरा

जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान दे रही है। प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले के चार छात्र-छात्राओं ने राज्य की प्रवीणता सूची में स्थान बनाया है, जिनमें तीन छात्राएं शामिल हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में सकोला विद्यालय की छात्राएं भी प्रवीणता सूची में स्थान बनाएंगी।

शिक्षा में बाधा दूर करने सरकार दे रही सुविधाएं

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह ने छात्राओं को साइकिल मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसी उद्देश्य से निशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश, मध्यान्ह भोजन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल प्रदान की जाती है।

प्रार्थना शेड और बालिका शौचालय की घोषणा

छात्राओं की मांग पर विद्यालय परिसर में प्रार्थना के लिए शेड निर्माण तथा बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण की घोषणा की गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा और जिला पंचायत सदस्य पूर्णिमा पैकरा की सहमति भी ली गई।

पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास की मांग

छात्राओं ने सकोला में पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास की मांग रखी। इस पर बताया गया कि छात्रावास की आवश्यकता को देखते हुए आदिवासी विकास विभाग के मंत्री रामविचार नेताम के समक्ष प्रस्ताव भेजा गया है। उम्मीद जताई गई कि इस वर्ष छात्रावास की स्वीकृति मिल सकती है।

नशे के खिलाफ जागरूकता का आह्वान

कार्यक्रम में विद्यार्थियों से नशे के खिलाफ वातावरण तैयार करने और नशे से होने वाली सामाजिक बुराइयों के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा कार्यक्रम

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन, प्रज्वलन मंत्र एवं सरस्वती वंदना से हुई। सौम्या तिवारी और शिवांगी तिवारी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्राचार्य कुंज बिहारी दीक्षित ने स्वागत भाषण एवं विद्यालय की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता अमरनाथ साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन छात्रा कुमारी हिना मार्को ने किया।

अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पूर्णिमा पैकरा, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष शिवानी गुप्ता, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष विजय राठौर सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनभागीदारी विकास समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

Advertisement
Share This Article