रायगढ़। रायगढ़ पुलिस के ऑपरेशन आघात के तहत घरघोड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 69 पाव अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹9,040 मूल्य की अंग्रेजी शराब और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को सूचना मिली कि एक युवक घरघोड़ा बाईपास से टेरम की ओर स्कूटी से अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग स्थित बंगाली ढाबा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी क्रमांक CG 13 BA 9789 को रोक लिया।
स्कूटी से मिली 69 पाव अंग्रेजी शराब
तलाशी के दौरान स्कूटी में रखे प्लास्टिक बोरे से 50 पाव जिप्सी फाइन व्हिस्की और 19 पाव Mad Off अंग्रेजी शराब सहित कुल 69 पाव शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹9,040 बताई गई है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सुनता बिरहोर (23 वर्ष) निवासी कोटरीमाल, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 250/2026 के तहत धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही शराब और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक शुभम मिश्रा तथा आरक्षक मनोज कुमार जोल्हे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


