संयुक्त कलेक्टर अभिषेक दीवान को भावभीनी विदाई, सुशासन एवं अभिसरण विभाग में संभालेंगे नई जिम्मेदारी

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। जिला कार्यालय में पदस्थ संयुक्त कलेक्टर श्री अभिषेक दीवान के रायपुर स्थानांतरण पर मंगलवार को जिला कार्यालय में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। उनका स्थानांतरण रायपुर स्थित सुशासन एवं अभिसरण विभाग में विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) के रूप में हुआ है।

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने श्री दीवान के लगभग डेढ़ वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कार्यकुशलता, सरल व्यवहार और समर्पित कार्यशैली से जिला प्रशासन की विभिन्न योजनाओं एवं दायित्वों के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने अनुभव और दक्षता से वहां भी उत्कृष्ट कार्य करेंगे।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जिला प्रशासन की ओर से श्री अभिषेक दीवान को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संयुक्त कलेक्टर श्री अभिषेक दीवान ने अपने संबोधन में बिलासपुर में बिताए लगभग डेढ़ वर्ष के सेवाकाल की यादें साझा करते हुए कहा कि उन्हें अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सदैव सहयोग और आत्मीयता मिली। उन्होंने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिलासपुर की स्मृतियां उनके लिए हमेशा विशेष रहेंगी।

विदाई समारोह में नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री शिवकुमार बनर्जी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

संवाददाता : अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

Advertisement
Share This Article