₹12,800 नगद, ताश की गड्डी और जुआ सामग्री जब्त
रायगढ़। जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत घरघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चिमटापाली के जंगल में संचालित जुआ फड़ पर दबिश दी। कार्रवाई में 5 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 12,800 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश और जुआ खेलने में प्रयुक्त प्लास्टिक की बोरी जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिमटापाली जंगल में कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से अश्वनी राठिया (32), मिलन दास महंत (34), महात्मा उरांव (25), सकीर्तन राठिया (34) और राम प्रसाद पैंकरा (59) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी घरघोड़ा थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹12,800 नगद, 52 पत्ती ताश और एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एएसआई डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक अरविन्द मिंज, आरक्षक भानुप्रताप चन्द्रा, परमेश्वर सिंह एवं मनोज कुमार जोल्हे की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।


