अंबिकापुर। सरगुजा जिले की मणिपुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और लाखों रुपये की ठगी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। महिला संबंधी अपराधों में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने रायपुर के पुरानी बस्ती थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अप्रैल 2026 से 3 जुलाई 2026 के बीच बलौदाबाजार जिले के छाछी निवासी परमेश्वर साहू ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उससे 6 लाख 50 हजार रुपये भी ले लिए।
प्रारंभिक शिकायत पर पुरानी बस्ती थाना में शून्य पर अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद विवेचना के लिए मामला थाना मणिपुर, अंबिकापुर भेजा गया, जहां अपराध क्रमांक 137/2026 के तहत धारा 69 एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी परमेश्वर साहू (29 वर्ष), निवासी छाछी, थाना कसडोल, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक मालती तिवारी एवं मणिपुर थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




