रायगढ़। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने नक्शा बटांकन कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए जिले के सभी 10 तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर कार्य में उल्लेखनीय सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में राज्य शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों, विभागीय पत्रों और लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन, सुशासन तिहार और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।
नक्शा बटांकन की समीक्षा में जताई नाराजगी
बैठक में राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण कार्य नक्शा बटांकन की तहसीलवार समीक्षा की गई। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने असंतोष व्यक्त करते हुए सभी तहसीलदारों को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
समीक्षा में बताया गया कि जिले में 18 नवंबर 2025 को नक्शा बटांकन की प्रगति 73.64 प्रतिशत थी, जो बढ़कर वर्तमान में 78.66 प्रतिशत हो गई है। इस अवधि में कुल 5.02 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। वहीं 27 जुलाई से 3 अगस्त 2026 के बीच जिले में 1008 नक्शों का बंटांकन किया गया।
तहसीलवार प्रगति
नक्शा बटांकन कार्य में:
- धरमजयगढ़ – 93.26 प्रतिशत
- छाल – 91.15 प्रतिशत
- घरघोड़ा – 90.45 प्रतिशत
- मुकडेगा – 87.55 प्रतिशत
- तमनार – 86.16 प्रतिशत
- लैलूंगा – 85.59 प्रतिशत
- कापू – 83.45 प्रतिशत
- खरसिया – 75.69 प्रतिशत
- रायगढ़ – 70.20 प्रतिशत
- पुसौर – 65.60 प्रतिशत
कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई।
खरसिया में 62 नक्शों का बटांकन
साप्ताहिक प्रगति के अनुसार रायगढ़ तहसील में 258, घरघोड़ा में 206, पुसौर में 200, तमनार में 165 और खरसिया तहसील में 62 नक्शों का बटांकन किया गया। वहीं लैलूंगा तहसील में साप्ताहिक प्रगति ऋणात्मक (-24) रहने पर कलेक्टर ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
धान खरीदी और अन्य विभागों की समीक्षा
बैठक में आगामी धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने किसानों के पंजीयन कार्य में तेजी लाने और पट्टाधारी किसानों का नियमानुसार पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने तथा निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्य शीघ्र पूर्ण कराने कहा गया।
इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि, खाद्य और सहकारिता विभाग के लंबित मामलों की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, अपर कलेक्टर रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल, डिप्टी कलेक्टर धनराज मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




