राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की 140वीं जयंती पर बिलासपुर रेल मंडल में कार्यक्रम आयोजित

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर | संवाददाता: अभिषेक कुमार पाण्डेय

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त जी की 140वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक परिसर स्थित पुस्तकालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री के. श्रीनिवास ने की। कार्यक्रम में सहायक कार्मिक अधिकारी एवं प्रभारी राजभाषा अधिकारी श्री भास्कर गुहा सहित मंडल कार्यालय के विभिन्न विभागों में कार्यरत साहित्य प्रेमी कर्मचारी उपस्थित रहे।

दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

रचनाओं और साहित्यिक योगदान पर डाला प्रकाश

इस अवसर पर लोको पायलट (गुड्स), बिलासपुर श्री राकेश कुमार श्रीवास ने मैथिलीशरण गुप्त के जीवन परिचय और उनकी साहित्यिक कृतियों पर प्रकाश डाला। वहीं कार्यालय सहायक श्री सुधीर कुमार ने उनकी प्रसिद्ध कविताओं का पाठ किया।

हिंदी साहित्य और राष्ट्र निर्माण में गुप्त जी का योगदान

प्रभारी राजभाषा अधिकारी श्री भास्कर गुहा ने कहा कि साहित्यकारों की जयंती मनाकर उनके समाज के प्रति अमूल्य योगदान के लिए कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। उन्होंने कहा कि जब हिंदी साहित्य खड़ी बोली के विकास के दौर से गुजर रहा था, तब मैथिलीशरण गुप्त ने अपनी सरल, सहज और प्रभावशाली भाषा के माध्यम से हिंदी को राष्ट्र जागरण और सामाजिक चेतना का सशक्त माध्यम बनाया।

उन्होंने कहा कि गुप्त जी की रचनाओं में राष्ट्रीयता, सामाजिक चेतना, नारी सम्मान, मानवीय संवेदनाएं और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है।

राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान

कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री के. श्रीनिवास ने कहा कि भाषा केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय पहचान की आधारशिला होती है। मैथिलीशरण गुप्त ने अपनी रचनाओं के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, नारी सम्मान और सांस्कृतिक गौरव को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

उन्होंने सभी कर्मचारियों से राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने और संघ की राजभाषा नीति का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

संवाददाता: अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)

Advertisement
Share This Article