Snake Bite Raigarh : घरघोड़ा क्षेत्र में एक रात में सांप के काटने से दो की मौत, एक युवक का इलाज जारी

Advertisement
Advertisement

रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक ही रात में सांप के काटने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। इनमें 14 वर्षीय किशोर और 5 माह के मासूम की मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। लगातार हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

सोते समय किशोर को सांप ने काटा

जानकारी के अनुसार, कुडुमकेला निवासी 14 वर्षीय धीरज दास महंत, पिता बिसाहू दास, 31 जुलाई की रात भोजन करने के बाद अपने पलंग पर सो रहा था। रात करीब 10 बजे उसे सांप ने काट लिया। कुछ देर बाद उसके मुंह से झाग निकलने लगा। परिजन तत्काल उसे घरघोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

5 माह के मासूम की भी गई जान

दूसरी घटना में चारमार निवासी 5 माह के नयांश धनवार, पिता संजय धनवार, की भी सांप के काटने से मौत हो गई। वहीं, बच्चे के पिता 25 वर्षीय संजय धनवार को भी सांप ने काट लिया, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना पर घरघोड़ा पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनाओं के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

स्वास्थ्य विभाग की अपील

घरघोड़ा खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.आर. पैंकरा ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की संभावना अधिक रहती है।

उन्होंने सलाह दी कि:

  • जमीन पर सोने से बचें।
  • पलंग पर सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें।
  • घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।
  • सांप या किसी जहरीले जीव के काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं।
Advertisement
Share This Article