Balrampur Crime News : एट्रोसिटी एक्ट मामले में फरार ‘कथित पत्रकार’ संतोष सोनी अंबिकापुर से गिरफ्तार, चेक बाउंस के कई मामलों का भी आरोपी

बलरामपुर। बलरामपुर जिले की राजपुर पुलिस ने एट्रोसिटी एक्ट के मामले में फरार चल रहे ‘कथित पत्रकार’ संतोष सोनी को अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट का मामला दर्ज होने के बाद वह फरार था। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।

एट्रोसिटी एक्ट के तहत दर्ज हुआ था मामला

राजपुर थाना क्षेत्र में पदस्थ वन रक्षक राकेश प्रसाद लकड़ा की शिकायत पर पुलिस ने संतोष सोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायत के अनुसार वर्ष 2023 में स्कॉर्पियो वाहन खरीदने के लिए संतोष सोनी ने ₹4.25 लाख में सौदा किया था। आरोप है कि उसने आंशिक भुगतान करने के बाद शेष राशि के लिए चेक दिया, लेकिन बाद में भुगतान से इनकार कर दिया। शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि पैसे मांगने पर आरोपी ने जातिसूचक गालियां दीं और धमकी दी, जिसके आधार पर एससी/एसटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जमानत याचिका हो चुकी थी खारिज

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने विशेष न्यायालय में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और आखिरकार अंबिकापुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

चेक बाउंस के कई मामलों का भी सामना

पुलिस का कहना है कि संतोष सोनी के खिलाफ बलरामपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर और रामानुजगंज सहित विभिन्न न्यायालयों में चेक बाउंस के कई मामले लंबित हैं। राजपुर न्यायालय में ही लगभग 14 प्रकरण दर्ज बताए गए हैं, जिनमें करीब ₹80.56 लाख की राशि से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार पहले भी चेक बाउंस के एक मामले में उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है।

गिरफ्तारी वारंट भी था जारी

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, बलरामपुर द्वारा एक अन्य मामले में गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया था। उसी के तहत उसकी तलाश की जा रही थी।

Share This Article