SECR Bilaspur : 30 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद जनसंपर्क अधिकारी रामजी लाल मीना सेवानिवृत्त, दी गई भावभीनी विदाई

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) मुख्यालय, बिलासपुर में पदस्थ जनसंपर्क अधिकारी रामजी लाल मीना लगभग 30 वर्षों की गौरवपूर्ण एवं समर्पित रेल सेवा पूर्ण करने के बाद शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर मुख्यालय स्थित जनसंपर्क कार्यालय में आयोजित गरिमामय विदाई समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।

अधिकारियों ने सराहा सेवाकाल

समारोह में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी दर्शनीता बोरा अहलूवालिया ने श्री मीना के उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कार्यकुशलता, समर्पण और सकारात्मक कार्यशैली से संगठन की गरिमा को सदैव बढ़ाया। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।

जनसंपर्क विभाग में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शेख समी उर रहमान ने कहा कि श्री मीना ने अपने दायित्वों का सदैव निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ निर्वहन किया। उनकी सरल कार्यशैली, टीम भावना और व्यवहार सभी के लिए प्रेरणादायी रहे।

वहीं वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि श्री मीना ने रेलवे की उपलब्धियों और जनसंपर्क गतिविधियों के प्रभावी प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका अनुभव और सहयोगात्मक दृष्टिकोण विभाग की कार्यसंस्कृति को मजबूत करता रहा।

रेलवे परिवार का जताया आभार

अपने संबोधन में रामजी लाल मीना ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में मिले सहयोग, विश्वास और स्नेह के लिए सभी अधिकारियों एवं सहकर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेलवे परिवार के साथ बिताए गए वर्ष उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेंगे।

स्मृति-चिन्ह देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री रामजी लाल मीना को स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और आनंदमय सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Share This Article