बिलासपुर। थाना सीपत पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए हत्या के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कोलाबाड़ी में मिला था शव
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को ग्राम कौड़िया निवासी दुर्गा प्रसाद पटेल ने सूचना दी कि चंद्रप्रकाश पटेल का शव उसके घर की कोलाबाड़ी में पीठ के बल पड़ा मिला है। सूचना पर सीपत पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी किया।
जांच में सामने आया प्रेम संबंध का मामला
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक के ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30 वर्ष) के साथ कथित प्रेम संबंध थे और घटना वाले दिन वह मृतक के घर आई थी। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि घटना के दिन वह अपनी स्कूटी से मृतक के घर गई थी। वहां शराब के नशे में मृतक ने उसके साथ गाली-गलौज की और विवाद के दौरान कथित रूप से उसका गला दबाने लगा। महिला का कहना है कि बचाव के दौरान उसने भी मृतक का गला दबाया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह शव को कोलाबाड़ी में छोड़कर वहां से चली गई।
हत्या के आरोप में गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में आरोपी उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास, निवासी दर्राभाठा, थाना सीपत को गिरफ्तार कर हत्या के आरोप में न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




