Bilaspur Health : गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई : कलेक्टर

Advertisement
Advertisement

बिलासपुर। जिला स्वास्थ्य समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फील्ड स्तर पर प्रभावी कार्य और नियमित निगरानी से ही बेहतर स्वास्थ्य परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

कम पंजीयन पर बीएमओ को नोटिस के निर्देश

जिला कार्यालय के मंथन सभा कक्ष में आयोजित बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, मलेरिया नियंत्रण, टीबी उन्मूलन, कुष्ठ उन्मूलन अभियान सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के कम पंजीयन पर नाराजगी जताते हुए तखतपुर विकासखंड के बीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर पंजीयन और नियमित स्वास्थ्य जांच से हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान संभव होती है, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सकता है।

संस्थागत प्रसव और टीकाकरण पर जोर

कलेक्टर ने सभी गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मलेरिया नियंत्रण के लिए मजबूत करें सूचना तंत्र

बैठक में मलेरिया और महामारी नियंत्रण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रत्येक गांव में कम से कम 10 सक्रिय लोगों का समूह बनाने के निर्देश दिए, जिसमें सरपंच, पंच, शिक्षक, मितानिन और जागरूक नागरिकों को शामिल किया जाए।

उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष कार्ययोजना तैयार करने, रैपिड टेस्ट बढ़ाने, मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से गांवों में नियमित भ्रमण करने और पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

कुष्ठ उन्मूलन अभियान में लापरवाही पर कार्रवाई

कुष्ठ उन्मूलन अभियान की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अभियान में शिथिलता बरतने पर चारों विकासखंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

टीबी मुक्त पंचायत बनाने पर फोकस

कलेक्टर ने टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक निक्षय मित्र बनाने और सभी ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं सभी बीएमओ उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article